एशियन पेंट्स का पहली तिमाही में शुद्ध लाभ 39.6 प्रतिशत बढ़कर 1,559 करोड़ रुपये
एशियन पेंट्स का पहली तिमाही में शुद्ध लाभ 39.6 प्रतिशत बढ़कर 1,559 करोड़ रुपये
नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) एशियन पेंट्स का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में सालाना आधार पर 39.6 प्रतिशत बढ़कर 1,559.45 करोड़ रुपये हो गया।
वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में कंपनी ने 1,117 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था।
कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में परिचालन आय 18 प्रतिशत बढ़कर 10,541.94 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 8,938.55 करोड़ रुपये रही थी।
समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी का कुल खर्च 14 प्रतिशत बढ़कर 8,725.20 करोड़ रुपये हो गया। कुल आय भी सालाना आधार पर 18.08 प्रतिशत बढ़कर 10,782.79 करोड़ रुपये हो गई।
मुख्य रूप से घरेलू बिक्री से हासिल इसकी एकल शुद्ध बिक्री समीक्षाधीन तिमाही में 16.7 प्रतिशत बढ़कर 7,601.5 करोड़ रुपये हो गई जबकि पिछले वर्ष की इसी अवधि में यह 7,868.45 करोड़ रुपये थी।
एशियन पेंट्स के अनुसार, भारत में उसके डेकोरेटिव पेंट कारोबार में बिक्री की मात्रा में नौ प्रतिशत और मूल्य के आधार पर 16.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं अंतरराष्ट्रीय कारोबार में कंपनी की शुद्ध बिक्री 27.2 प्रतिशत बढ़ी।
इस वृद्धि में मिस्र, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), ओमान, नेपाल और बांग्लादेश की इकाइयों का प्रमुख योगदान रहा।
कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अमित एस. ने कहा, ‘‘हमने संतुलित मूल्य वृद्धि, उत्पादन एवं खरीद दक्षता तथा लागत पर अनुशासित नियंत्रण के दम पर मजबूत लाभप्रदता हासिल की। कच्चे माल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच कंपनी प्रौद्योगिकी नवाचार और ग्राहक-केंद्रित रणनीति पर ध्यान कायम रखेगी।’’
भाषा यासिर निहारिका
निहारिका

Facebook


