गुवाहाटी चाय नीलामी में असम की विशेष ‘पुएर’ चाय 12 हजार रुपये प्रति किलोग्राम पर बिकी
गुवाहाटी चाय नीलामी में असम की विशेष ‘पुएर’ चाय 12 हजार रुपये प्रति किलोग्राम पर बिकी
गुवाहाटी, 26 सितंबर (भाषा) असम की विशेष किस्म की चाय ‘पुएर टी केक’ गुवाहाटी चाय नीलामी केंद्र में 12,000 रुपये प्रति किलोग्राम की ऊंची कीमत पर बिकी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
‘पुएर टी केक’ को ऊंची कीमत मिलना राज्य में चाय उद्योग के लिए गौरव की बात है।
गोलाघाट स्थित गौरीपुर टी इंडस्ट्री द्वारा तैयार ‘पुएर टी केक’ को शुक्रवार को नीलामी के लिए रखा गया था। इसके पांच किलोग्राम की बिक्री 12000 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से हुई। नीलामी में यह चाय उसके ब्रोकर जे. थॉमस के माध्यम से बेची गई।
नॉर्थ ईस्टर्न टी एसोसिएशन (एनईटीए) के सलाहकार बिद्यानंद बरकाकोटी ने कहा, ‘‘गौरीपुर टी इंडस्ट्री के मालिक अपराज सैकिया हमारे संगठन के सदस्य हैं। इस कीमत पर चाय की बिक्री असम के चाय उद्योग के लिए गर्व का क्षण है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अपराज सैकिया और उनकी पूरी टीम को बधाई। यह असम की विशेष चाय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।’’
‘पुएर’ चीन के युन्नान प्रांत में पारंपरिक रूप से तैयार की जाने वाली किण्वित चाय है। इसे मुख्य रूप से कैमेलिया साइनेंसिस की बड़ी पत्तियों, विशेष रूप से असामिका किस्म से तैयार किया जाता है।
‘पुएर’ चाय को पारंपरिक रूप से केक या ईंट के आकार में तैयार किया जाता है। किण्वन और लंबे समय तक रखने की प्रक्रिया से इसमें विशेष स्वाद और सुगंध विकसित होती है।
बरकाकोटी ने कहा कि गुवाहाटी चाय नीलामी केंद्र में पुएर चाय की बिक्री से निकट भविष्य में सार्वजनिक नीलामी मंच के जरिए ‘फालाप’ चाय की बिक्री का रास्ता भी खुलेगा।
‘फालाप’ तिनसुकिया और मरघेरिटा में रहने वाले सिंगफो समुदाय की पारंपरिक चाय है। इसे भी कैमेलिया साइनेंसिस की असामिका किस्म की बड़ी पत्तियों से तैयार किया जाता है।
भाषा यासिर पाण्डेय
पाण्डेय

Facebook


