एथर एनर्जी का विदेशी बाजारों में आक्रामक विस्तार का इरादा : फोकेला

Ads

एथर एनर्जी का विदेशी बाजारों में आक्रामक विस्तार का इरादा : फोकेला

  •  
  • Publish Date - September 25, 2026 / 10:14 PM IST,
    Updated On - September 25, 2026 / 10:14 PM IST

नयी दिल्ली, 25 सितंबर (भाषा) इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन कंपनी एथर एनर्जी विदेशी बाजारों में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की आक्रामक रणनीति पर काम कर रही है और उसे उम्मीद है कि अगले पांच से सात साल में निर्यात से उसके राजस्व में उल्लेखनीय योगदान मिलेगा। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

हालांकि, अधिकारी ने कहा कि मौजूदा मांग और आपूर्ति की स्थिति को देखते हुए कंपनी फिलहाल घरेलू बाजार को प्राथमिकता देगी और यहां अपने कारोबार को मजबूत करेगी।

यहां नया इलेक्ट्रिक स्कूटर ‘कोनार्क’ पेश किए जाने के मौके पर एथर एनर्जी के मुख्य कारोबार अधिकारी रवनीत एस. फोकेला ने ‘भाषा’ से बातचीत में कहा कि कंपनी निर्यात को लेकर काफी सक्रिय है और आने वाले समय में नए विदेशी बाजार खोलती रहेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘हम अब निर्यात पर काफी आक्रामक तरीके से ध्यान दे रहे हैं। हालांकि, मांग और आपूर्ति की मौजूदा स्थिति को देखते हुए हमें घरेलू बाजार को प्राथमिकता देनी होगी और यहां अपने कारोबार को मजबूत करना होगा। हमारा मानना है कि पांच से सात साल की अवधि में निर्यात हमारे राजस्व में उल्लेखनीय योगदान देगा।’’

एथर एनर्जी ने शुक्रवार को नयी दिल्ली में अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर ‘कोनार्क’ पेश किया। कंपनी का लक्ष्य इलेक्ट्रिक स्कूटर को देश में ज्यादा व्यापक रूप से अपनाने को बढ़ावा देना है।

उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली-एनसीआर इलेक्ट्रिक वाहन को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की हमारी यात्रा में एक महत्वपूर्ण बाजार है।’’

उन्होंने कहा कि 79,999 रुपये की शुरुआती कीमत के साथ कोनार्क से देश में इलेक्ट्रिक स्कूटर को अधिक व्यापक रूप से अपनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

भाषा योगेश रमण

रमण