नयी दिल्ली, 25 सितंबर (भाषा) जर्मन ग्रीन स्टील एंड पावर लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को शुक्रवार को बोली के पहले दिन निवेशकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली और इसे 1.73 गुना अभिदान मिला।
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, कंपनी के आईपीओ में 1,60,62,879 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 2,78,00,633 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।
गैर-संस्थागत निवेशकों के हिस्से को 2.46 गुना मिला और खुदरा निवेशकों की श्रेणी को 1.65 गुना बोलियां प्राप्त हुईं। पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) की श्रेणी में 1.32 गुना अभिदान मिला।
जर्मन ग्रीन स्टील एंड पावर लिमिटेड ने एंकर निवेशकों से 91.16 करोड़ रुपये जुटाए हैं।
गुजरात की इस लोहा और इस्पात बनाने वाली कंपनी ने आईपीओ के लिए 132-139 रुपये प्रति इक्विटी शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। निर्गम 29 सितंबर को बंद होगा।
आईपीओ में 290 करोड़ रुपये तक के नए इक्विटी शेयर जारी करना और 10 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री का प्रस्ताव (ओएफएस) शामिल है। मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर, निर्गम का आकार लगभग 304 करोड़ रुपये बैठता है।
कंपनी नए निर्गम से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल गुजरात के कच्छ में समखियाली में कंपनी की विनिर्माण इकाई के विस्तार, हाइब्रिड पवन एवं सौर उर्जा संयंत्र लगाने, कर्ज चुकाने और सामान्य कंपनी कार्यों के लिए करेगी।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण