ऑडी इंडिया का लक्ष्य नए उत्पादों की पेशकश करते हुए तीन साल में बाजार हिस्सेदारी दोगुनी करना
ऑडी इंडिया का लक्ष्य नए उत्पादों की पेशकश करते हुए तीन साल में बाजार हिस्सेदारी दोगुनी करना
नयी दिल्ली, पांच अगस्त (भाषा) जर्मन की लग्जरी कार विनिर्माता कंपनी ऑडी ने अगले तीन वर्षों में भारतीय बाजार में अपनी हिस्सेदारी दोगुनी करने का लक्ष्य तय किया है, जिसके तहत कंपनी आगामी त्योहारी सीजन से नए उत्पादों की श्रृंखला शुरू करेगी।
नए उत्पादों को बाजार में लाने की शुरुआत नयी क्यू3 एसयूवी से होगी, जबकि 2027 के अंत में कंपनी अपनी प्रमुख कार क्यू9 को भारतीय बाजार में उतारेगी।
ऑडी इंडिया के ब्रांड निदेशक बलबीर सिंह ढिल्लों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा कि कंपनी भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों समेत अपने भावी उत्पादों के स्थानीयकरण पर अधिक ध्यान केंद्रित करेगी, साथ ही वह अपनी ‘मेक इन इंडिया’ रणनीति को पूरा करने के लिए यूरोपीय संघ सहित अन्य देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) पर भी विचार करेगी।
उन्होंने बताया कि भविष्य में विकास को गति देने के लिए अपनी तीन-स्तंभ रणनीति के तहत ऑडी इंडिया 2027 की दूसरी छमाही तक एक के बाद एक नए उत्पाद के रूप में क्यू3, ए5 और क्यू9 – पेश करेगी।
इसी रणनीति के जरिए कंपनी अगले तीन वर्षों में अपनी बाजार हिस्सेदारी लगभग आठ प्रतिशत से बढ़ाकर 15-16 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखती है।
भारत में लग्जरी कार बाजार का आकार वर्ष 2025 में करीब 52,000 इकाई रहा था, जबकि 2026 में इसके लगभग 55,000 इकाई तक पहुंचने का अनुमान है।
ऑडी इंडिया ने 2026 की पहली छमाही में 1,896 वाहनों की खुदरा बिक्री की, जबकि 2025 में कंपनी की कुल खुदरा बिक्री 4,510 इकाई रही थी।
भाषा यासिर पाण्डेय
पाण्डेय

Facebook


