ऑस्ट्रियाई कंपनियों के पास भारत में व्यापार और निवेश के व्यापक अवसर: राष्ट्रपति मुर्मू
ऑस्ट्रियाई कंपनियों के पास भारत में व्यापार और निवेश के व्यापक अवसर: राष्ट्रपति मुर्मू
नयी दिल्ली, 16 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को कहा कि ऑस्ट्रिया की कंपनियों के पास भारत में व्यापार और निवेश बढ़ाने के व्यापक अवसर हैं।
ऑस्ट्रिया के संघीय चांसलर क्रिश्चियन स्टॉकर ने यहां राष्ट्रपति भवन में मुर्मू से मुलाकात की। इस दौरान एक बैठक में राष्ट्रपति ने कहा कि खासतौर से सेमीकंडक्टर, हरित ऊर्जा और कृत्रिम मेधा (एआई) जैसे उभरते क्षेत्रों में आपसी सहयोग की अपार संभावनाएं हैं।
स्टॉकर की पहली भारत यात्रा पर उनका स्वागत करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रिया के बीच लोकतंत्र और कानून के शासन जैसे साझा मूल्यों पर आधारित घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं।
मुर्मू ने कहा कि यह यात्रा भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के संपन्न होने के तुरंत बाद हो रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि इससे भारत-ऑस्ट्रिया के बढ़ते व्यापार और निवेश संबंधों को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रियाई कंपनियों के पास भारत में व्यापार और निवेश बढ़ाने के व्यापक अवसर हैं, विशेष रूप से सेमीकंडक्टर, हरित ऊर्जा और एआई जैसे उभरते क्षेत्रों में।
राष्ट्रपति कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, मुर्मू ने इस बात पर जोर दिया कि भारत और ऑस्ट्रिया, दोनों ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्थाएं हैं और विज्ञान, प्रौद्योगिकी तथा नवाचार में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने की अपार संभावनाएं हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि वर्ष 2024 में भारत और ऑस्ट्रिया के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की यात्रा ने संबंधों को एक नई दिशा दी। इससे नवाचार, नवीकरणीय और स्वच्छ ऊर्जा, हाइड्रोजन, जल एवं अपशिष्ट प्रबंधन तथा एआई में सहयोग का विस्तार हुआ।
इससे पहले दिन में मोदी ने स्टॉकर के साथ व्यापक बातचीत की, जो व्यापार, रक्षा और बुनियादी ढांचे के क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने पर केंद्रित थी।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय

Facebook


