बजाज फाइनेंस का शुद्ध लाभ 32 प्रतिशत बढ़कर 3,437 करोड़ रुपये पर

Ads

बजाज फाइनेंस का शुद्ध लाभ 32 प्रतिशत बढ़कर 3,437 करोड़ रुपये पर

  •  
  • Publish Date - July 26, 2023 / 05:43 PM IST,
    Updated On - July 26, 2023 / 05:43 PM IST

मुंबई, 26 जुलाई (भाषा) गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) बजाज फाइनेंस ने बुधवार को कहा कि अप्रैल-जून तिमाही में रिकॉर्ड कर्ज वितरण से उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 32 प्रतिशत बढ़कर 3,437 करोड़ रुपये हो गया।

बाजार पूंजीकरण के लिहाज से देश की सबसे बड़ी एनबीएफसी बजाज फाइनेंस ने पहली तिमाही के नतीजों की सूचना देते हुए कहा कि इस तिमाही में उसने 38.4 लाख नए ग्राहक जोड़कर अपने ग्राहकों की कुल संख्या 7.29 करोड़ पर पहुंचा दी। यह एक साल पहले के 6.03 करोड़ ग्राहकों की तुलना में 21 प्रतिशत अधिक है।

आलोच्य तिमाही में बजाज फाइनेंस ने रिकॉर्ड 99.4 लाख नए कर्ज स्वीकृत किए जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 34 प्रतिशत अधिक है।

कंपनी ने कहा कि 73 करोड़ रुपये की लंबित कर देनदारी को छोड़कर उसकी शुद्ध आय 30 प्रतिशत बढ़ी है। इसकी कुल एकीकृत आय 12,500.54 करोड़ रुपये हो गई जबकि साल भर पहले यह 9,285.86 करोड़ रुपये थी।

बजाज फाइनेंस की शुद्ध ब्याज आय 26 प्रतिशत बढ़कर 8,398 करोड़ रुपये हो गई।

आवंटित ऋणों पर नुकसान और फंसे कर्जों के लिए वित्तीय प्रावधान इस तिमाही में 755 करोड़ रुपये से बढ़कर 995 करोड़ रुपये हो गया।

कंपनी का सकल गैर-निष्पादित संपत्ति (एनपीए) कुल कर्ज का 0.87 रहा जबकि साल भर पहले यह अनुपात 1.25 प्रतिशत था। वहीं शुद्ध एनपीए अनुपात 0.51 से घटकर 0.31 पर आ गया।

कंपनी ने बयान में कहा कि इसकी पूर्ण-स्वामित्व वाली इकाइयों बजाज हाउसिंग फाइनेंस, बजाज फाइनेंशियल सिक्योरिटीज और सहयोगी कंपनी स्नैपवर्क टेक्नोलॉजीज के आंकड़े भी इन नतीजों में शामिल हैं।

भाषा प्रेम प्रेम रमण

रमण