बजाज फाइनेंस के चौथी तिमाही का शुद्ध मुनाफा 22 प्रतिशत बढ़कर 5,553 करोड़ रुपये पर
बजाज फाइनेंस के चौथी तिमाही का शुद्ध मुनाफा 22 प्रतिशत बढ़कर 5,553 करोड़ रुपये पर
नयी दिल्ली, 29 अप्रैल (भाषा) गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी बजाज फाइनेंस का एकीकृत शुद्ध लाभ मार्च 2026 को समाप्त तिमाही में 22 प्रतिशत बढ़कर 5,553 करोड़ रुपये रहा।
इससे पिछले वित्त वर्ष 2024-25 की इसी तिमाही कंपनी का लाभ 4,546 करोड़ रुपये रहा था।
बजाज फाइनेंस ने बुधवार को शेयर बाजारों को दी सूचना में कहा कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी कुल आय 21 प्रतिशत बढ़कर 14,209 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 की जनवरी-मार्च की तिमाही में 11,755 करोड़ रुपये थी।
शुद्ध ब्याज आय या मुख्य आय वित्तवर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में 20 प्रतिशत बढ़कर 11,781 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्तवर्ष की इसी तिमाही में 9,808 करोड़ रुपये थी।
निदेशक मंडल ने 31 मार्च, 2026 को समाप्त वित्तवर्ष के लिए एक रुपये के अंकित मूल्य वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर छह रुपये का अंतिम लाभांश देने की सिफारिश की है।
कंपनी के प्रबंधन के तहत परिसंपत्ति (एयूएम) 31 मार्च, 2026 तक 22 प्रतिशत बढ़कर 5.09 लाख करोड़ रुपये हो गई जो 31 मार्च, 2025 को 4.16 लाख करोड़ रुपये थी।
परिसंपत्ति की गुणवत्ता के मोर्चे पर, कंपनी की सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) बढ़कर 1.01 प्रतिशत हो गई जो एक साल पहले 0.96 प्रतिशत थी।
हालांकि, शुद्ध एनपीए पिछले वर्ष के 0.44 प्रतिशत की तुलना में मामूली रूप से घटकर 0.41 प्रतिशत रहा।
पूरे वित्तवर्ष 2025-26 में कंपनी का शुद्ध लाभ 19,332 करोड़ रुपये और कुल आय 53,324 करोड़ रुपये रही।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण

Facebook


