‘बीरा 91’ के संस्थापक अंकुर जैन निदेशक मंडल, कार्यकारी पदों से हटे
'बीरा 91' के संस्थापक अंकुर जैन निदेशक मंडल, कार्यकारी पदों से हटे
नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) बीयर ब्रांड ‘बीरा 91’ की मूल कंपनी बी9 बेवरेजेज के संस्थापक अंकुर जैन ने कंपनी के कर्जदाताओं और निवेशकों के साथ हुए समझौते के बाद निदेशक मंडल और सभी कार्यकारी पदों से हटने की घोषणा की है। जैन के परिवार ने भी कंपनी से अलग होने का फैसला किया है।
जैन ने मंगलवार को कंपनी के कर्मचारियों और हितधारकों को लिखे पत्र में कहा कि करीब 30 हितधारकों के साथ कई महीनों की बातचीत के बाद यह समझौता हुआ है।
उन्होंने कहा, “इस समझौते के तहत मेरा परिवार और मैं तत्काल प्रभाव से निदेशक मंडल और कार्यकारी पदों से हट रहे हैं।”
समझौते के तहत दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ सभी दावों और कानूनी मामलों को वापस लेने पर सहमति जताई है। इसके अलावा, कंपनी के कर्ज के लिए जैन की ओर से दी गई व्यक्तिगत गारंटी भी समाप्त कर दी जाएगी।
बी9 बेवरेजेज ने बैंकों और वित्तीय संस्थानों से लिए गए अधिकांश कर्ज के भुगतान में चूक की है। इन कर्ज के लिए प्रवर्तकों ने कंपनी में अपनी हिस्सेदारी गिरवी रखी थी।
जैन पर कंपनी के प्रमुख निवेशकों का दबाव था, जिनमें जापान की किरीन होल्डिंग्स की सिंगापुर इकाई की 20.1 प्रतिशत और पीक एक्सवी (पूर्व में सिकोया इंडिया) की 14.6 प्रतिशत हिस्सेदारी शामिल है।
ऐसी खबरें हैं कि प्रवर्तक परिवार ने कंपनी में अपनी करीब 17.8 प्रतिशत हिस्सेदारी भी छोड़ दी है। यह हिस्सेदारी अंकुर जैन, शशि जैन और उनके निवेश मंच डे1 एडवाइजरी के पास थी।
जैन ने कर्मचारियों से बकाया भुगतान में देरी के लिए माफी मांगते हुए कहा कि बीरा 91 पिछले एक दशक में कई बार मुश्किल दौर से गुजरी लेकिन पिछले डेढ़ साल में वह किसी भी शर्त पर नया पूंजी निवेश जुटाने में सफल नहीं हो सकी।
साल 2015 में शुरू हुए बीरा 91 ने भारतीय बाजार में क्राफ्ट बीयर ब्रांड के रूप में पहचान बनाई थी।
जैन ने कहा कि वह भविष्य में अपनी पुरानी टीम के कुछ सदस्यों के साथ नया उद्यम शुरू करने की योजना रखते हैं।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय

Facebook


