सैमसंग ने गैलेक्सी जेड सीरीज के तीन नए फोल्डेबल स्मार्टफोन पेश किए, भारत में बदलेगी रणनीति

सैमसंग ने गैलेक्सी जेड सीरीज के तीन नए फोल्डेबल स्मार्टफोन पेश किए, भारत में बदलेगी रणनीति

सैमसंग ने गैलेक्सी जेड सीरीज के तीन नए फोल्डेबल स्मार्टफोन पेश किए, भारत में बदलेगी रणनीति
Modified Date: July 22, 2026 / 07:47 pm IST
Published Date: July 22, 2026 7:47 pm IST

(जोयता डे)

लंदन, 22 जुलाई (भाषा) दक्षिण कोरिया की दिग्गज प्रौद्योगिकी कंपनी सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने बुधवार को गैलेक्सी जेड8 सीरीज के तहत तीन फोल्डेबल स्मार्टफोन पेश किए।

इस सीरीज के तहत पेश स्मार्टफोन में गैलेक्सी जेड फोल्ड8 अल्ट्रा, गैलेक्सी जेड फोल्ड8 और गैलेक्सी जेड फ्लिप8 शामिल हैं। कंपनी ने नए मॉडल को अलग-अलग तरह के उपयोगकर्ताओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर पेश किया है।

सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) टी एम रोह ने कहा, ‘‘एआई के अधिक स्वायत्त होते जाने के साथ मोबाइल उपकरण ऐसे अनुभवों के सबसे व्यक्तिगत माध्यम बन जाएंगे, जो हर उपयोगकर्ता को समझते हैं और उसके हिसाब से खुद को ढाल लेते हैं।’’

सैमसंग ने भारत में इन प्रीमियम फोल्डेबल उपकरणों की बिक्री बढ़ाने के लिए आक्रामक रणनीति का भी घोषणा की। कंपनी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए 30 महीने की बिना ब्याज वाली मासिक किस्त (ईएमआई) की सुविधा भी लाने जा रही है।

इसके अलावा देशभर में वितरण नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा और अधिक दुकानों पर इन फोल्डेबल फोन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

भारत में इन उपकरणों की अग्रिम बुकिंग बुधवार रात से शुरू होगी, जबकि बिक्री अगले महीने की शुरुआत में होगी।

कंपनी के अनुसार, गैलेक्सी जेड फोल्ड8 अल्ट्रा और फोल्ड8 में बड़े डिस्प्ले दिए गए हैं, जबकि फ्लिप8 में बाहरी स्क्रीन के जरिये भी कुछ काम किए जा सकते हैं। इस सीरीज में कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़े नए फीचर भी जोड़े गए हैं।

गैलेक्सी जेड फोल्ड सीरीज की शुरुआत 2019 में हुई थी और अब इसका आठवां संस्करण पेश किया गया है। इस खंड में अब सैमसंग को वीवो और मोटोरोला जैसी कंपनियों से प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में