बंगाल के मुख्यमंत्री ने अनुकूल कारोबारी माहौल का भरोसा दिलाते हुए उद्योगपतियों को किया आमंत्रित
बंगाल के मुख्यमंत्री ने अनुकूल कारोबारी माहौल का भरोसा दिलाते हुए उद्योगपतियों को किया आमंत्रित
कोलकाता, 12 सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल सरकार ने उद्योगपतियों और कारोबारी संगठनों से राज्य में निवेश करने का शनिवार को आग्रह किया। सरकार ने कहा कि नयी नीतियों और प्रोत्साहनों के जरिये राज्य में कारोबार के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एक समाचार चैनल द्वारा आयोजित शिखर सम्मेलन में कहा कि राज्य सरकार जल्द ही नयी औद्योगिक और भूमि नीति पेश करेगी। इसके साथ ही भूमि सीमा कानून में संशोधन और निवेशकों के लिए प्रोत्साहन पैकेज भी लाया जाएगा। हालांकि, उन्होंने इन कदमों के लागू होने की कोई समयसीमा या विस्तृत जानकारी नहीं दी।
अधिकारी ने कहा कि कारोबारियों के निवेश से राज्य में रोजगार के अवसर पैदा करने में मदद मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि राज्य में बड़ी संख्या में शिक्षित युवा बेरोजगार हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि पश्चिम बंगाल के करीब एक करोड़ प्रवासी श्रमिक फिलहाल राज्य से बाहर काम कर रहे हैं।
उन्होंने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना होने से पहले कहा, “यह सही तरीके से काम कर रही एक सच्ची देशभक्त सरकार है। हम औद्योगिक नीति, औद्योगिक भूमि नीति, भूमि सीमा कानून, प्रोत्साहन और निवेशकों से जुड़े अन्य उपायों पर काम कर रहे हैं। इसका खाका तैयार किया जा रहा है और इसे जल्द लागू किया जाएगा।”
अधिकारी ने पिछले चार महीनों में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने कई स्थानों का दौरा कर परियोजनाओं के भूमि पूजन कार्यक्रमों में हिस्सा लिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अदाणी समूह द्वारा 2,000 बिस्तरों वाले अस्पताल की आधारशिला 24 सितंबर को रखी जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि वह आने वाले समय में अंबानी परिवार से मुलाकात करेंगे और दावा किया कि परिवार ने राज्य के विकास में मिलकर काम करने का भरोसा दिया है।
अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार जल्द ही 33 परियोजनाओं के लिए जमीन सौंपेगी।
भाषा यासिर पाण्डेय
पाण्डेय

Facebook


