बिल गेट्स करीब 107 अरब डॉलर की संपत्ति गेट्स फाउंडेशन को दान करेंगे
बिल गेट्स करीब 107 अरब डॉलर की संपत्ति गेट्स फाउंडेशन को दान करेंगे
(फाइल तस्वीर के साथ)
सिएटल, आठ मई (एपी) दुनिया के सबसे अमीर लोगों में शुमार बिल गेट्स ने अपनी बची हुई 99 प्रतिशत प्रौद्योगिकी संपत्तियां गेट्स फाउंडेशन को दान करने की बृहस्पतिवार को घोषणा की जिसकी अनुमानित कीमत 107 अरब डॉलर है।
यह दान अब तक के सबसे बड़े परमार्थ कार्यों में से एक होगा। मुद्रास्फीति के हिसाब से समायोजित किए जाने पर यह दान मशहूर उद्योगपति जॉन डी. रॉकफेलर और एंड्रयू कार्नेगी के ऐतिहासिक योगदान से भी आगे निकल गया है।
बर्कशायर हैथवे के दिग्गज निवेशक वॉरेन बफे ही दान की गई राशि के मामले में गेट्स से आगे निकल सकते हैं। बफे ने जिस संपत्ति को दान करने का संकल्प लिया है उसकी मौजूदा अनुमानित कीमत फोर्ब्स ने 160 अरब डॉलर आंकी है। शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव होने पर इसका मूल्य और भी अधिक हो सकता है।
अग्रणी प्रौद्योगिकी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक गेट्स का यह दान गेट्स फाउंडेशन को समय के साथ दिया जाएगा। इससे फाउंडेशन को अगले 20 वर्षों में 200 अरब डॉलर की अतिरिक्त राशि खर्च करने की सुविधा मिल जाएगी।
गेट्स ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को दिए एक साक्षात्कार में परोपकार के लिए दान के बारे में कहा, ‘इन उद्देश्यों के लिए इतना कुछ कर पाना रोमांचकारी है।’
इस बड़े दान की घोषणा गेट्स फाउंडेशन के वैश्विक स्वास्थ्य एवं शिक्षा की दिशा में जारी प्रयासों को समर्थन देती है। गेट्स का कहना है कि अपनी संपत्ति खर्च करने से अब कई लोगों की जान बचाने और उन्हें बेहतर बनाने में मदद मिलेगी, जिसका फाउंडेशन के बंद होने के बाद भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
हालांकि, यह घोषणा गेट्स फाउंडेशन के वर्ष 2045 में बंद होने का भी संकेत देती है।
पहले फाउंडेशन को गेट्स के निधन के दो दशक बाद बंद करने की योजना बनाई गई थी लेकिन अब इसकी समयसीमा 2045 तय कर दी गई है। अपने शेष दो दशक में फाउंडेशन प्रति वर्ष लगभग नौ अरब डॉलर का बजट बनाए रखेगा।
गेट्स ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि इन चीजों पर प्रगति करने के लिए जितना संभव हो सके उतना देने और लोगों को यह बताने के बीच 20 साल का समय सही संतुलन है कि अब यह पैसा खत्म हो जाएगा।’’
फाउंडेशन ने 25 साल पहले गठित होने के बाद से अब तक 100 अरब डॉलर खर्च किए हैं। इस फाउंडेशन को अब तक 41 प्रतिशत राशि वॉरेन बफे से मिली है जबकि शेष राशि गेट्स ने माइक्रोसॉफ्ट की कमाई से दी है।
गेट्स और मेलिंडा फ्रेंच गेट्स ने वर्ष 2000 में इस फाउंडेशन की बुनियाद रखी थी। इसने वैश्विक स्वास्थ्य और शिक्षा की बेहतरी के लिए लगातार काम किए हैं।
गेट्स ने इसे अपना दूसरा एवं अंतिम करियर बताते हुए कहा, ‘‘फाउंडेशन का काम मेरी अपेक्षा से कहीं अधिक असरदार रहा है।’’
फाउंडेशन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मार्क सुजमैन ने कहा कि पोलियो उन्मूलन, मलेरिया जैसी घातक बीमारियों पर नियंत्रण और कुपोषण को कम करना जैसे कई काम अभी बाकी हैं।
एपी प्रेम प्रेम अजय
अजय
लेखक के बारे में
Web Title: बिल गेट्स करीब 107 अरब डॉलर की संपत्ति गेट्स फाउंडेशन को दान करेंगे
बिज़नेस
और भी पढ़ें ›खाद्य आपूर्ति को ‘हथियार’ की तरह इस्तेमाल करने और वैध उपायों में अंतर करना जरूरी: गोयल
01 Oct 2026 | 10:30 pmऊर्जा सुरक्षा के लिए मजबूत नियमन, बाजार आधारित सुधारों की जरूरत: नीति सदस्य गौबा
01 Oct 2026 | 10:13 pmमहाराष्ट्र में संपत्ति दस्तावेजों के पंजीकरण के लिए आधार प्रमाणीकरण अनिवार्य
01 Oct 2026 | 10:02 pmएनसीएलटी अध्यक्ष का दिवाला मामलों के लिए वित्तीय सीमा बढ़ाकर पांच करोड़ रुपये करने का सुझाव
01 Oct 2026 | 10:00 pmमहंगाई की चिंता के बीच जून तिमाही में शहरी परिवारों ने एफएमसीजी खर्च घटाया: रिपोर्ट
01 Oct 2026 | 9:56 pmकार्ल्सबर्ग की भारतीय इकाई समेत चार कंपनियों को आईपीओ के लिए सेबी की मंजूरी
01 Oct 2026 | 9:45 pmएसईए ने तिलहन गलियारे की संभावना तलाशने को मोजाम्बिक के प्रांत के साथ करार किया
01 Oct 2026 | 9:32 pmन्यूजीलैंड सेब बागवानी के प्रोत्साहन के लिए हिमाचल को तकनीकी विशेषज्ञता देने को तैयार
01 Oct 2026 | 9:26 pm