बीएमडब्ल्यू इंडिया को 2026 में पहली बार 20,000 वाहनों की बिक्री की उम्मीद
बीएमडब्ल्यू इंडिया को 2026 में पहली बार 20,000 वाहनों की बिक्री की उम्मीद
नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा) लक्जरी कार विनिर्माता कंपनी बीएमडब्ल्यू ने भारत में इस साल पहली बार 20,000 इकाइयों की सालाना बिक्री का लक्ष्य रखा है। कंपनी को 2026 की पहली छमाही में रिकॉर्ड बिक्री और इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) एवं छोटे शहरों से बढ़ती मांग से समर्थन मिला है। कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया ने जनवरी-जून, 2026 के दौरान 9,075 कारों की बिक्री की, जो सालाना आधार पर 17 प्रतिशत अधिक होने के साथ अब तक की सर्वाधिक छमाही बिक्री है। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी ने 4,507 कारें बेचीं, जो 17 प्रतिशत की वृद्धि है।
बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हरदीप सिंह बरार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “हम पहली बार 20,000 इकाइयों का आंकड़ा पार करने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि कंपनी को वर्ष की दूसरी छमाही में भी दहाई अंक की मजबूत वृद्धि जारी रहने की उम्मीद है।
बरार ने कहा कि नए उत्पादों की पेशकश, ईवी की बढ़ती मांग, दूसरी एवं तीसरी श्रेणी के शहरों से मांग, लंबे व्हीलबेस वाले मॉडल और ग्राहक अनुभव पर ध्यान जैसे बिंदुओं ने प्रदर्शन को मजबूती दी है।
उन्होंने कहा, “वर्ष की शुरुआत में हमने करीब 25 मॉडल पेश करने की घोषणा की थी। इनमें से 11 मॉडल पहली छमाही में पेश किए जा चुके हैं, जबकि शेष 14 मॉडल साल के बाकी हिस्से में पेश किए जाएंगे।”
ईवी की मांग पर उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में तनाव और ईंधन कीमतों को लेकर चर्चा के बीच इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर रुझान बढ़ा है।
पहली छमाही में कंपनी ने 2,359 ईवी की आपूर्ति की, जो सालाना आधार पर 78 प्रतिशत अधिक है। कुल बिक्री में ईवी की हिस्सेदारी 26 प्रतिशत रही, जो एक साल पहले 18 प्रतिशत थी।
कंपनी ने कहा कि ‘मिनी’ ब्रांड ने पहली छमाही में 504 कारों की बिक्री की, जो 70 प्रतिशत की वृद्धि है, जबकि मोटरसाइकिल इकाई बीएमडब्ल्यू मोटोराड ने 2,327 इकाइयों की आपूर्ति की।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय

Facebook


