बीएनपी परिबास,गोल्डमैन सैक्स ने बीएसई में करीब 1.7 प्रतिशत हिस्सेदारी 2,186 करोड़ रुपये में बेची

Ads

बीएनपी परिबास,गोल्डमैन सैक्स ने बीएसई में करीब 1.7 प्रतिशत हिस्सेदारी 2,186 करोड़ रुपये में बेची

  •  
  • Publish Date - September 30, 2026 / 12:01 PM IST,
    Updated On - September 30, 2026 / 12:01 PM IST

नयी दिल्ली, 30 सितंबर (भाषा) वैश्विक वित्तीय क्षेत्र की दिग्गज कंपनियों बीएनपी परिबास और गोल्डमैन सैक्स ने मंगलवार को एनएसई पर अलग-अलग बड़े सौदों के जरिये बीएसई लिमिटेड में करीब 1.7 प्रतिशत हिस्सेदारी 2,186 करोड़ रुपये में बेच दी।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, पेरिस स्थित बीएनपी परिबास ने अपनी सहयोगी कंपनी बीएनपी परिबास फाइनेंशियल मार्केट्स के जरिये मंगलवार को 44.51 लाख शेयर बेचे, जो बीएसई में 1.09 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है।

गोल्डमैन सैक्स ने अपनी इकाई गोल्डमैन सैक्स इन्वेस्टमेंट्स मॉरीशस आई लिमिटेड के जरिये 23.81 लाख से अधिक शेयर बेचे, जो मुंबई स्थित इस शेयर बाजार में 0.58 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है।

शेयर 3,199.54-3,200 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बेचे गए, जिससे सौदों का कुल मूल्य 2,186.44 करोड़ रुपये रहा।

खरीदारों की बात करें तो यूटीआई म्यूचुअल फंड ने बीएसई के 27.12 लाख शेयर खरीदे, जबकि निप्पॉन इंडिया म्यूचुअल फंड ने 25.29 लाख शेयर खरीदे।

दोनों म्यूचुअल फंड ने ये शेयर औसतन 3,200 रुपये प्रति शेयर के भाव पर खरीदे। इससे उनकी कुल खरीद का मूल्य 1,677.60 करोड़ रुपये रहा।

अन्य खरीदारों का ब्योरा शेयर बाजार के आंकड़ों से नहीं मिल पाया।

इसके बाद बीएसई लिमिटेड के शेयर में बुधवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर गिरावट दर्ज की गई।

एनएसई पर एक अलग बड़े सौदे में कजारिया सेरामिक्स के प्रवर्तकों में से एक चेतन कजारिया फैमिली प्राइवेट ट्रस्ट ने खुले बाजार में लेनदेन के जरिये कंपनी के 18 लाख शेयर यानी 1.13 प्रतिशत हिस्सेदारी 214 करोड़ रुपये में बेच दी।

शेयर औसतन 1,190.01 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बेचे गए।

इस लेनदेन के बाद कजारिया सेरामिक्स में प्रवर्तकों तथा प्रवर्तक समूह की संयुक्त हिस्सेदारी 47.69 प्रतिशत से घटकर 46.56 प्रतिशत रह गई।

इस बीच, पुणे स्थित निवेश प्रबंधन कंपनी सेजवन इन्वेस्टमेंट मैनेजर्स ने कंपनी के 10.5 लाख शेयर यानी करीब एक प्रतिशत हिस्सेदारी 124.95 करोड़ रुपये में खरीदी।

कजारिया सेरामिक्स के शेयरों के अन्य खरीदारों के ब्योरे शेयर बाजार के आंकड़ों से पता नहीं चल सके।

एनएसई पर कजारिया सेरामिक्स का शेयर भी बुधवार को गिरावट में रहा।

कजारिया सेरामिक्स भारत की सबसे बड़ी सिरेमिक व विट्रिफाइड टाइल निर्माता कंपनी है। कंपनी की सैनिटरीवेयर, नल, प्लाईवुड और टाइल चिपकने वाले पदार्थों के कारोबार में भी मौजूदगी है।

भाषा निहारिका

निहारिका