बीपीसीएल ने गुरुग्राम में देश का पहला ‘एलपीजी एटीएम’ शुरू किया; 2-3 मिनट में मिलेगा गैस सिलेंडर

बीपीसीएल ने गुरुग्राम में देश का पहला 'एलपीजी एटीएम' शुरू किया; 2-3 मिनट में मिलेगा गैस सिलेंडर

बीपीसीएल ने गुरुग्राम में देश का पहला ‘एलपीजी एटीएम’ शुरू किया; 2-3 मिनट में मिलेगा गैस सिलेंडर
Modified Date: March 23, 2026 / 09:50 pm IST
Published Date: March 23, 2026 9:50 pm IST

गुरुग्राम, 23 मार्च (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने गुरुग्राम में देश का पहला ‘एलपीजी एटीएम’ (गैस वेंडिंग मशीन) शुरू किया है। यह एक ऐसी स्वचालित गैस वितरण मशीन है, जिससे उपभोक्ता बिना किसी मानवीय सहायता के खुद ही 24 घंटे में कभी भी सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि मशीन से महज 2 से 3 मिनट के भीतर सिलेंडर प्राप्त किया जा सकेगा।

यह ‘एलपीजी एटीएम’ गुरुग्राम के सोहना रोड स्थित सेक्टर-33 की ‘सेंट्रल पार्क फ्लावर वैली’ सोसायटी में लगाया गया है। इस एटीएम की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें पारंपरिक भारी लोहे के सिलेंडर के बजाय ‘कंपोजिट सिलेंडर’ का उपयोग किया गया है।

फाइबर से बने ये सिलेंडर वजन में लोहे के सिलेंडर के मुकाबले लगभग आधे (करीब 15 किलोग्राम) होते हैं।

फिलहाल बीपीसीएल ने इसे एक प्रायोगिक परियोजना के तौर पर शुरू किया है और यह सेवा गुरुग्राम के उन ग्राहकों के लिए उपलब्ध है जो ‘भारत गैस’ से जुड़े हैं। वर्तमान में इसके माध्यम से 10 किलोग्राम के सिलेंडर दिए जा रहे हैं, जिन्हें मशीन से प्राप्त करने में महज 2 से 3 मिनट का समय लगता है।’

इस मशीन की क्षमता लगभग 10 सिलेंडर की है और यह एक स्मार्ट सेंसर प्रणाली से लैस है। स्टॉक कम होने पर यह सेंसर तुरंत नजदीकी गैस एजेंसी को अलर्ट भेज देता है ताकि मशीन को समय पर दोबारा भरा जा सके।

भाषा सुमित अजय

अजय


लेखक के बारे में