नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) रोजमर्रे की जरूरत का सामान और उपभोक्ता वस्तुएं बनाने वाली प्रमुख कंपनियों ने कहा है कि आम बजट में विनिर्माण, बुनियादी ढांचे, एमएसएमई और कृषि पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि इससे घरेलू आपूर्ति श्रृंखला मजबूत होगी, रोजगार के अवसर पैदा होंगे और भारत के दीर्घकालिक विकास को गति देगा।
पेप्सिको इंडिया और दक्षिण एशिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) जागृत कोटेचा ने कहा कि ‘विकसित भारत’ के लिए बजट का व्यापक दृष्टिकोण व्यवसायों को आत्मविश्वास के साथ निवेश करने की स्पष्टता देता है।
उन्होंने कहा, ”घरेलू विनिर्माण को मजबूत करने, रोजगार सृजन और कृषि रूपातंरण पर सरकार का लगातार ध्यान बहुत उत्साहजनक है। एक कृषि-प्रधान कंपनी के रूप में हम विशेष रूप से किसान केंद्रित उपायों से प्रेरित हैं, जो भविष्य की कृषि मूल्य श्रृंखलाओं के लिए ग्रामीण आजीविका को मजबूत करेंगे।’’
आइकिया इंडिया के मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) मुरली अय्यर ने कहा कि यह बजट भारत की विकास यात्रा के केंद्र में लोगों को रखता है।
कोका-कोला की प्रमुख बॉटलिंग कंपनी एसएलएमजी बेवरेजेस ने कहा कि बजट ‘मेक इन इंडिया’ के दृष्टिकोण को पुख्ता करता है।
कंपनी के संयुक्त प्रबंध निदेशक पारितोष लधानी ने कहा कि पूंजीगत व्यय को बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये करने से सीधे तौर पर पेय पदार्थ निर्माताओं को लाभ होगा।
भाषा अजय पाण्डेय
अजय