मंत्रिमंडल ने गिफ्ट सिटी से शाहपुर तक गुजरात मेट्रो के विस्तार को मंजूरी दी
मंत्रिमंडल ने गिफ्ट सिटी से शाहपुर तक गुजरात मेट्रो के विस्तार को मंजूरी दी
नयी दिल्ली, 24 फरवरी (भाषा) केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंगलवार को गुजरात मेट्रो के मौजूदा उत्तर-दक्षिण मार्ग का गिफ्ट सिटी से शाहपुर तक 3.33 किलोमीटर विस्तार करने को मंजूरी दे दी।
सरकार ने बयान में कहा कि चार साल में पूरी होने वाली इस परियोजना में तीन ‘एलिवेटेड स्टेशन’ बनाए जाएंगे।
यह निर्णय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में उनके नए कार्यालय ‘सेवा तीर्थ’ में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की पहली बैठक में लिया गया।
बयान में कहा गया कि परियोजना की अनुमानित लागत 1,067.35 करोड़ रुपये है। इस विस्तारित मार्ग से 2029 में लगभग 23,702 और 2041 में लगभग 58,059 यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
इस गलियारे से अहमदाबाद और गिफ्ट क्षेत्र के बीच संपर्क मजबूत होगा। प्रस्तावित मार्ग पर स्थित मुख्य बहुराष्ट्रीय कंपनियों, शैक्षणिक संस्थानों और वाणिज्यिक केंद्रों को सीधे लाभ होगा।
सरकार ने बयान में कहा कि यह विस्तार व्यवसाय, रोजगार और शिक्षा से संबंधित यात्रा आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए अहमदाबाद और गिफ्ट क्षेत्र के बीच यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों के लिए भी फायदेमंद होगा।
इस परियोजना से निर्माण क्षेत्र में लगभग 1,000 नौकरियां पैदा होने की उम्मीद है।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


