आइकिया की दिल्ली-एनसीआर में छह स्टोर खोलने की योजना, 30 जुलाई को दूसरा बिक्री केंद्र शुरू होगा

आइकिया की दिल्ली-एनसीआर में छह स्टोर खोलने की योजना, 30 जुलाई को दूसरा बिक्री केंद्र शुरू होगा

आइकिया की दिल्ली-एनसीआर में छह स्टोर खोलने की योजना, 30 जुलाई को दूसरा बिक्री केंद्र शुरू होगा
Modified Date: July 21, 2026 / 09:46 pm IST
Published Date: July 21, 2026 9:46 pm IST

नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) स्वीडन की खुदरा फर्नीचर विक्रेता कंपनी आइकिया ने मंगलवार को कहा कि उसकी अगले कुछ साल में दिल्ली-एनसीआर इलाके में अपनी मौजूदगी बढ़ाने के लिए छह स्टोर तक खोलने की योजना है। इसमें शहर के अंदर खुलने वाले छोटे स्टोर और बड़े ‘कॉन्सेप्ट स्टोर’ दोनों शामिल होंगे।

इसी रणनीति के तहत, आइकिया इंडिया ने दिल्ली-एनसीआर में साकेत के डीएलएफ एवेन्यू में अपने दूसरे सिटी-फॉर्मेट स्टोर को खोलने की घोषणा की। लगभग 30,000 वर्ग फुट में फैला यह बिक्री केंद्र दक्षिण और मध्य दिल्ली के साथ-साथ आस-पास के इलाकों के ग्राहकों की ज़रूरतों को पूरा करेगा।

यह सिटी-फ़ॉर्मेट स्टोर 30 जुलाई को खुलने वाला है।

आइकिया इंडिया के भारत में वाणिज्यिक प्रबंधक अडोश शर्मा ने कहा कि कंपनी को दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और फ़रीदाबाद में काफ़ी वृद्धि की संभावना दिख रही है।

शर्मा ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘मैं पूरे भरोसे के साथ कह सकता हूं कि एनसीआर इलाके में – दिल्ली, फ़रीदाबाद, नोएडा और गुरुग्राम के बीच – हम अगले कुछ साल में लगभग छह स्टोर खोलने पर विचार कर सकते हैं।’

आइकिया ने वर्ष 2025 में ई-कॉमर्स के ज़रिये दिल्ली-एनसीआर बाजार में प्रवेश किया था और बाद में पैसिफ़िक मॉल, टैगोर गार्डन में अपना पहला सिटी-फॉर्मेट स्टोर खोला था, जिसे गुरुग्राम में एक सेंट्रल डिस्ट्रिब्यूशन सेंटर से समर्थन मिलता है। कंपनी ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में अपने पहले स्टोर से मिली ग्राहकों की जानकारी से इस इलाके में अपनी विस्तार रणनीति को आकार देने में मदद मिल रही है।

इस महीने की शुरुआत में, आइकिया इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पैट्रिक एंटनी ने कहा था कि कंपनी का लक्ष्य वर्ष 2030 तक पूरे भारत में लगभग 30 स्टोर चलाना है, जिनमें बड़े और छोटे, दोनों तरह के स्टोर शामिल होंगे।

कंपनी ने वर्ष 2030 तक भारत में अपना निवेश दोगुने से ज़्यादा करके 21,000 करोड़ रुपये से ज़्यादा करने की योजना की भी घोषणा की है और ई-कॉमर्स के ज़रिये उत्तर भारत में अपनी पहुंच बढ़ा रही है।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय


लेखक के बारे में