सीसीआई जांच: इंडिगो ने बड़े पैमाने पर उड़ान प्रभावित होने से निपटने को कदम उठाने का किया प्रस्ताव

Ads

सीसीआई जांच: इंडिगो ने बड़े पैमाने पर उड़ान प्रभावित होने से निपटने को कदम उठाने का किया प्रस्ताव

  •  
  • Publish Date - July 23, 2026 / 06:48 PM IST,
    Updated On - July 23, 2026 / 06:48 PM IST

नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने बड़े पैमाने पर उड़ान बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए कई कदम उठाने का प्रस्ताव किया है। इनमें संकट प्रबंधन समूह, अलग से शिकायत निवारण व्यवस्था और जरूरत पड़ने पर हवाई अड्डा प्राधिकरणों को अस्थायी रूप से स्लॉट सौंपना शामिल है।

भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) की कंपनी के खिलाफ कथित अनुचित कारोबारी गतिविधियों को लेकर जांच के बीच इंडिगो ने यह कहा है।

सीसीआई ने फरवरी में इंडिगो द्वारा दिसंबर, 2025 में परिचालन संबंधी समस्याओं के कारण हजारों उड़ानें रद्द किए जाने के बाद एयरलाइन के खिलाफ विस्तृत जांच का आदेश दिया था। उड़ानें रद्द होने से बड़ी संख्या में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा था।

घरेलू विमानन बाजार में 66 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी रखने वाली इंडिगो ने प्रतिस्पर्धा संबंधी चिंताओं को दूर करने के लिए सीसीआई के समक्ष पांच प्रमुख प्रतिबद्धताएं पेश की हैं। ये प्रस्ताव सीसीआई के प्रतिबद्धता नियमों के तहत दिए गए हैं। नियमों के अनुसार, यदि सार्वजनिक टिप्पणियां लेने और मूल्यांकन के बाद सीसीआई इन प्रस्तावों को स्वीकार कर लेता है, तो मौजूदा जांच को समाप्त किया जा सकता है।

सीसीआई की सार्वजनिक सूचना के अनुसार, इंडिगो ने वरिष्ठ अधिकारियों वाला संकट प्रबंधन समूह गठित करने का प्रस्ताव दिया है। इसके अलावा प्रभावित यात्रियों की सहायता के लिए अलग से 24 घंटे काम करने वाला ग्राहक अनुभव ‘वॉर रूम’ बनाने की भी योजना है। आयोग ने इन प्रस्तावों पर लोगों से प्रतिक्रियांए मांगी है।

एयरलाइन ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए विभिन्न हवाई अड्डों पर अतिरिक्त सेवा प्रदाताओं को शामिल करने का प्रस्ताव भी रखा है, ताकि जरूरत पड़ने पर यात्रियों के लिए भोजन पैकेट, पानी और सड़क परिवहन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

इंडिगो ने इसके साथ वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था करने और तय समय सीमा के भीतर पैसे वापसी की स्वचालित प्रक्रिया शुरू करने की बात भी कही है।

फिलहाल सीसीआई की जांच सार्वजनिक टिप्पणियों और प्रस्तावों के मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी होने तक रोक दी गई है।

इंडिगो ने कहा कि औपचारिक संकट प्रबंधन समूह, संरचनात्मक व्यवधान समीक्षा व्यवस्था और बड़े स्तर पर उड़ान बाधित होने की स्थिति में स्लॉट को हवाई अड्डा प्राधिकरणों को सौंपने की व्यवस्था से ऐसी परिस्थितियों का समय पर और समन्वित तरीके से प्रबंधन किया जा सकेगा। इससे बाजार क्षमता में अनजाने में कमी आने की स्थिति भी रोकी जा सकेगी।

प्रस्तावों में एक महत्वपूर्ण पहल यह है कि बड़े पैमाने पर परिचालन बाधित होने पर इंडिगो सीमित अवधि के लिए अपने घरेलू उड़ानों के उतरने और प्रस्थान ‘स्लॉट’ संबंधित हवाई अड्डा संचालकों या प्राधिकरणों को सौंपने को तैयार है।

भाषा रमण अजय

अजय