मुख्यमंत्री शर्मा ने भिवाड़ी में राजस्थान के पहले ‘सेमीकंडक्टर संकुल’ का उद्घाटन किया

मुख्यमंत्री शर्मा ने भिवाड़ी में राजस्थान के पहले 'सेमीकंडक्टर संकुल' का उद्घाटन किया

मुख्यमंत्री शर्मा ने भिवाड़ी में राजस्थान के पहले ‘सेमीकंडक्टर संकुल’ का उद्घाटन किया
Modified Date: May 15, 2026 / 06:58 pm IST
Published Date: May 15, 2026 6:58 pm IST

जयपुर, 15 मई (भाषा) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को भिवाड़ी में राजस्थान के पहले ‘सेमीकंडक्टर संकुल’ का उद्घाटन करते हुए कहा कि सरकार ने पिछले दो साल में निवेश को बढ़ावा देने और उद्योग-अनुकूल परिवेश बनाने के लिए 35 नीतियां लागू की हैं।

शर्मा ने कहा कि सरकार राज्य में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए हर क्षेत्र में प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। पिछले दो वर्ष से अधिक समय में 35 नीतियों को लागू कर राज्य सरकार ने अनुकूल औद्योगिक परिवेश का निर्माण किया है जो कि विकसित भारत-विकसित राजस्थान…2047 की ओर महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान को ऊर्जा क्षेत्र में सिरमौर बनाने के लिए पवन और सौर ऊर्जा सहित अक्षय ऊर्जा की दिशा में भी तेजी से काम किया जा रहा है।

आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से भिवाड़ी में एल्सीना इलेक्ट्रॉनिक्स कॉम्प्लेक्स, विभिन्न विकास कार्यों सहित अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।

उन्होंने कहा कि राज्य को रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) द्वारा हरियाणा के रास्ते दिल्ली से जोड़ने की परियोजना पर काम किया जा रहा है। उन्होंने भिवाड़ी में ‘सेमीकंडक्टर संकुल’ को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

कार्यक्रम से जुड़े केन्द्रीय रेल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि सेमीकंडक्टर महत्वपूर्ण उद्योग है। आज भारत में 12 सेमीकंडक्टर संयंत्र हो गये हैं और विभिन्न उपकरणों के लिए चिप का निर्माण हो रहा है। राजस्थान का नाम भी इस उद्योग से जुड़ गया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी) के नेतृत्व में इलेक्ट्रोनिक्स विनिर्माण में देश ने पिछले 12 साल में बड़ी छलांग लगाई है। आज भारत में इलेक्ट्रोनिक्स विनिर्माण छह गुना वृद्धि के साथ 13 लाख करोड़ रूपये पहुंच गया है और मोबाइल भारत से निर्यात होने वाली पहली नम्बर की ‘कमोडिटी’ बन गई है।

वैष्णव ने कहा कि भिवाड़ी के इलेक्ट्रोनिक विनिर्माण संकुल में 1200 करोड़ रूपये का निवेश है। इससे लगभग 2500 लोगों को रोजगार मिलेगा। संयंत्र से हर साल छह करोड़ ‘चिप’ बनेंगी।

केन्द्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि भिवाड़ी में 61 करोड़ रूपये के ‘सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट’ का लोकार्पण किया गया है। वहीं 52 करोड़ रूपये से अधिक की लागत के ‘एसटीपी ट्रीटेड वाटर लाइन’ का शिलान्यास किया गया है। यह जल भराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए महत्वपूर्ण कदम है। भाषा पृथ्वी जितेंद्र रमण

रमण


लेखक के बारे में