बीजिंग, 28 सितंबर (भाषा) चीन और अमेरिका ने अपनी ताजा आर्थिक एवं व्यापारिक वार्ताओं में 10 अहम नतीजों पर सहमति जताई है, जिसमें दोनों देशों द्वारा एक-दूसरे के 30 अरब डॉलर मूल्य के आयात पर जवाबी सीमा शुल्क में कटौती और कृत्रिम मेधा (एआई) बातचीत की रूपरेखा शामिल है। चीन के वाणिज्य मंत्रालय (एमओएफसीओएम) ने सोमवार को यह जानकारी दी।
दोनों पक्षों के आर्थिक और व्यापारिक दलों ने राष्ट्रपति शी चिनफिंग और उनके अमेरिकी समकक्ष डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुए शिखर सम्मेलन से पहले 20 से 23 सितंबर तक न्यूयॉर्क और वाशिंगटन में विचार-विमर्श किया था।
विशेष रूप से ट्रंप ने उस कानून पर चुप्पी साधे रखी जो अमेरिकी राष्ट्रपति को रूस पर प्रतिबंध लगाने तथा भारत और चीन सहित उसके तेल तथा गैस व्यापारिक साझेदारों पर भारी शुल्क लगाने का अधिकार देता है।
चीन ने रूसी तेल और गैस की खरीद पर शुल्क लगाने के अमेरिकी प्रयासों को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि देशों के बीच सामान्य व्यापारिक सहयोग में तीसरे पक्ष का कोई हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए।
दोनों पक्षों ने अपने ताजा बयानों में दुर्लभ खनिज तत्वों के निर्यात नियंत्रण जैसे जटिल मुद्दों का कोई उल्लेख नहीं किया।
अंकुरा कंसल्टिंग के चीन स्थित प्रबंध निदेशक अल्फ्रेडो मोंटुफार-हेलू ने हांगकांग के अखबार ‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ को बताया, ”प्रमुख दुर्लभ खनिजों और अन्य महत्वपूर्ण खनिजों के खनन तथा प्रसंस्करण में चीन का दबदबा अमेरिका के साथ बातचीत में उसका सबसे मजबूत तुरुप का पत्ता है।”
वैश्विक स्तर पर लगभग 70 प्रतिशत दुर्लभ खनिजों के खनन और करीब 90 प्रतिशत प्रसंस्करण पर चीन का नियंत्रण है। ये खनिज इलेक्ट्रॉनिक्स, वाहन, पवन ऊर्जा, रक्षा उपकरण और आधुनिक उपकरणों के निर्माण के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
मंत्रालय के अनुसार, चीन और अमेरिका एक-दूसरे के लगभग 30-30 अरब डॉलर मूल्य के आयात पर शुल्क घटाने पर सहमत हुए हैं। इसके तहत दोनों ओर से करीब 90 प्रतिशत उत्पादों पर लगने वाले शुल्क को घटाकर सर्वाधिक तरजीही देश (एमएफएन) वाली दरों पर लाया जाएगा।
समझौते के तहत अमेरिका खिलौने, घरेलू उपकरण, बच्चों से जुड़े उत्पाद और रसोई तथा बाथरूम उत्पादों सहित चीन से होने वाले लगभग 30 अरब डॉलर के आयात पर शुल्क में कटौती करेगा।
दूसरी ओर चीन कृषि उत्पादों, व्यक्तिगत देखभाल उत्पादों, चिकित्सा उपकरणों और कोयले सहित अमेरिका से आने वाले लगभग 30 अरब डॉलर के आयात पर शुल्क घटाएगा।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय