एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स ने एयर कंडीशनर के दाम पांच-सात प्रतिशत बढ़ाने की घोषणा की

Ads

एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स ने एयर कंडीशनर के दाम पांच-सात प्रतिशत बढ़ाने की घोषणा की

  •  
  • Publish Date - September 28, 2026 / 08:29 PM IST,
    Updated On - September 28, 2026 / 08:29 PM IST

नयी दिल्ली, 28 सितंबर (भाषा) एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया ने सोमवार को कहा कि वह एक अक्टूबर से एयर कंडीशनर (एसी) की कीमतों में पांच से सात प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करेगी। कंपनी ने यह कदम जिंस, लॉजिस्टिक और ऊर्जा लागत में वृद्धि तथा विदेशी मुद्रा में उतार-चढ़ाव के कारण लागत बढ़ने के बीच उठाया है।

कंपनी ने एक बयान में कहा, “एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया लिमिटेड एक अक्टूबर, 2026 से अपने एसी उत्पादों की कीमतों में पांच-सात प्रतिशत की बढ़ोतरी करेगी।”

हालांकि, कंपनी ने टीवी, रेफ्रिजरेटर और वॉशिंग मशीन समेत अन्य उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी पर फिलहाल कोई फैसला नहीं किया है।

एलजी ने एसी उत्पादों की कीमतों में यह बढ़ोतरी नवरात्रि की शुरुआत से करीब दो सप्ताह पहले घोषित की है।

एयर कंडीशनर क्षेत्र की अन्य प्रमुख कंपनियां वोल्टास, लॉयड ब्रांड की मालिक हैवेल्स, गोदरेज अप्लायंसेज और हिताची ब्रांड की मालिक बॉश होम पहले ही रूम एयर कंडीशनर की कीमतों में पांच से आठ प्रतिशत तक बढ़ोतरी की घोषणा कर चुकी हैं।

इन कंपनियों ने अपने साझेदारों को भेजे पत्रों में भू-राजनीतिक घटनाक्रम, जिंस कीमतों में वृद्धि और डॉलर के मुकाबले रुपये में बदलाव को कीमत बढ़ोतरी की वजह बताया है। कुछ कंपनियों ने एसी के लिए ऊर्जा दक्षता के नए मानकों में बदलाव को भी कीमत बढ़ोतरी का एक कारण बताया है।

इस साल एक जनवरी से ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (बीईई) की संशोधित स्टार रेटिंग व्यवस्था लागू हुई है। इसके अलावा, उद्योग में इस साल तापमान मानकीकरण के नियमों में भी बदलाव हुआ है।

भारत में रूम एयर कंडीशनर उद्योग का सालाना आकार करीब 1.2 से 1.25 करोड़ इकाइयों का है और इस क्षेत्र में करीब 10 कंपनियां सक्रिय हैं।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय