चीन की विनिर्माण गतिविधियां जुलाई में अप्रत्याशित रूप से घटीं

Ads

चीन की विनिर्माण गतिविधियां जुलाई में अप्रत्याशित रूप से घटीं

  •  
  • Publish Date - July 31, 2026 / 10:10 AM IST,
    Updated On - July 31, 2026 / 10:10 AM IST

हांगकांग, 31 जुलाई (एपी) चीन की विनिर्माण गतिविधियां जुलाई में अप्रत्याशित रूप से सुस्त पड़ गईं और पांच महीने में पहली बार संकुचन के दायरे में पहुंच गईं। इससे दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की व्यापक वृद्धि दर पर दबाव बढ़ने की आशंका है।

चीन के राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो ने शुक्रवार को बताया कि आधिकारिक विनिर्माण क्रय प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) जून के 50.3 से जुलाई में 49.2 पर आ गया। यह अर्थशास्त्रियों के अनुमान से कमजोर रहा।

नए ऑर्डर का उप-सूचकांक जून के 51.2 से जुलाई में 48.5 पर आ गया जो 2023 के बाद का सबसे निचला स्तर है। वहीं, उत्पादन का उप-सूचकांक 51.4 से घटकर 49.9 पर पहुंच गया।

कारखाना प्रबंधकों के सर्वेक्षण पर आधारित पीएमआई को शून्य से 100 के पैमाने पर मापा जाता है। 50 से ऊपर का स्तर गतिविधियों में विस्तार और 50 से नीचे का स्तर संकुचन का संकेत देता है।

आईएनजी बैंक में ग्रेटर चाइना के मुख्य अर्थशास्त्री लिन सॉन्ग ने कहा, ‘‘ पीएमआई का ताजा आंकड़ा साल की दूसरी छमाही के शुरुआती आर्थिक आंकड़ों के लिहाज से उत्साहजनक नहीं है।’’

चीन की अर्थव्यवस्था लंबे समय से घरेलू खर्च और निवेश में सुस्ती के दबाव में है।

अप्रैल-जून तिमाही में चीन की अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर घटकर 4.3 प्रतिशत रह गई, जो तीन वर्ष से अधिक समय में सबसे धीमी वार्षिक वृद्धि है। यह चीन के समूचे वर्ष के 4.5 से पांच प्रतिशत वृद्धि लक्ष्य से भी कम है।

एपी निहारिका

निहारिका