अमरावती, 31 जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक अगस्त को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगापुरम में लगभग 5,000 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे।
आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी का एक अगस्त को पूर्वाह्न 10 बजकर 45 मिनट पर दिल्ली से विशेष विमान द्वारा हवाई अड्डे पर पहुंचने का कार्यक्रम है। राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर और मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू उनका स्वागत करेंगे।
पूर्वाह्न 10 बजकर 58 मिनट पर प्रधानमंत्री हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे और इसके बाद मुख्यमंत्री, राज्यपाल तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ इस परिसर का निरीक्षण करेंगे।
इसके बाद वह एक खुले वाहन में जनसभा स्थल के लिए रवाना होंगे, जहां 13,500 से अधिक जनजातीय महिलाएं और छात्र लोकनृत्य ‘धीमसा’ की प्रस्तुति के साथ उनका अभिवादन करेंगे।
प्रधानमंत्री पूर्वाह्न 11 बजकर 30 मिनट से दोपहर 12 बजकर 55 मिनट तक जनसभा को संबोधित करेंगे।
राज्य सरकार के अधिकारियों के अनुसार, विशाखापत्तनम को वैश्विक स्तर के विकसित शहर के रूप में स्थापित करने की परिकल्पना के तहत इस हवाई अड्डे का निर्माण अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप किया गया है। इसे औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन, निर्यात, कौशल विकास और अनुसंधान को गति देने वाला महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि इस हवाई अड्डे की परिकल्पना औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन, निर्यात, कौशल विकास और अनुसंधान को बढ़ावा देने वाले उत्प्रेरक के रूप में की गई है।
विज्ञप्ति में कहा गया कि यह हवाई अड्डा ‘‘भारत में सबसे तेजी से पूरे होने वाले ग्रीनफील्ड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों में से एक है… जो तय समय से लगभग पांच महीने पहले बनकर तैयार हुआ है।’’
इसे नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) से ‘एयरोड्रोम लाइसेंस’ के साथ-साथ सभी आवश्यक सुरक्षा, अग्निशमन और पर्यावरणीय मंजूरियां भी मिल चुकी हैं।
पहले चरण में सालाना 60 लाख यात्रियों को संभालने के लिए डिजाइन किए गए इस हवाई अड्डे के मास्टर प्लान में भविष्य में इसकी क्षमता को प्रति वर्ष चार करोड़ यात्रियों तक बढ़ाने का प्रावधान है।
इस परियोजना से पूर्व विशाखापत्तनम, विजयनगरम और श्रीकाकुलम जिलों में आर्थिक विकास, पर्यटन, औद्योगिक निवेश, निर्यात, लॉजिस्टिक्स तथा एयरोस्पेस एवं रक्षा क्षेत्रों को काफी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत जीएमआर विशाखापत्तनम इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (जीवीआईएएल) ने डिजाइन, निर्माण, वित्तपोषण, संचालन और हस्तांतरण (डीबीएफओटी) मॉडल पर इस एकीकृत परियोजना का विकास किया है। यह परियोजना 2,703.26 एकड़ क्षेत्र में फैली है।
विज्ञप्ति में कहा गया कि भोगापुरम हवाई अड्डे पर 25,000 मीट्रिक टन वार्षिक क्षमता वाला मालवाहक टर्मिनल भी विकसित किया गया है। इसके माध्यम से उत्तरी आंध्र के निर्यात तंत्र को मजबूती मिलेगी।
इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी द्वारा पेट्रोलियम, सड़क परिवहन और अन्य मंत्रालयों/विभागों की कुल 18,000 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने की भी संभावना है। प्रधानमंत्री का एक अगस्त को अपराह्न एक बजकर 10 मिनट दिल्ली के लिए वापस रवाना होने का कार्यक्रम है।
भाषा खारी रंजन
रंजन