चौहान ने अपने काफिले का आकार घटाया, अधिकारियों से ‘घर से काम’ करने को कहा
चौहान ने अपने काफिले का आकार घटाया, अधिकारियों से ‘घर से काम’ करने को कहा
नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बृहस्पतिवार को अपने काफिले के आकार को घटाकर तीन गाड़ियों का कर दिया और अधिकारियों को घर से काम करने का निर्देश दिया। यह कदम पश्चिम एशिया संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘सात अपीलों’ को लागू करने के उपायों के तहत उठाया गया है, जिनका उद्देश्य ईंधन का जिम्मेदारी से उपभोग करना है।
कृषि और ग्रामीण विकास मंत्रालय के अधिकारियों की एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए, चौहान ने विभागों से दो दिन के भीतर ‘घर से काम’ (डब्ल्यूएफएच) नीति पर एक कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा और कर्मचारियों से ‘कार पूलिंग’ अपनाने का आग्रह किया।
एक सरकारी बयान में कहा गया है कि उन्होंने कहा कि विदेश यात्रा तभी की जाएगी जब यह बिल्कुल आवश्यक हो और अधिकांश बैठकें वर्चुअल तरीके से आयोजित की जाएंगी।
अधिकारियों और कर्मचारियों से गैर-जरूरी सोना खरीदने से बचने और कम से कम पांच अन्य व्यक्तियों को भी ऐसा करने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा गया।
कृषि के क्षेत्र में, मंत्री ने हर गांव में एक समिति गठित करने की घोषणा की, जिसका उद्देश्य उर्वरकों के संतुलित उपयोग और बड़े पैमाने पर प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना होगा।
चौहान ने कहा कि खाद्य तेलों का उपयोग समझदारी से किया जाना चाहिए और उन्होंने पांच-पांच परिवारों के समूहों के बीच एक जागरूकता अभियान शुरू करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि मंत्री स्तर पर मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा, और साथ ही घरेलू पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा, जबकि अनावश्यक विदेश यात्रा से बचा जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सरकारी बैठकों में स्थानीय उत्पादों, मोटे अनाज (मिलेट्स) और स्वदेशी खाद्य पदार्थों को प्राथमिकता दी जाएगी। ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत भारतीय ब्रांड को बढ़ावा दिया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, आईसीएआर, कृषि शिक्षा विभाग और भूमि संसाधन विभाग संयुक्त रूप से एक जन जागरूकता अभियान चलाएंगे।
चौहान ने कहा, ‘‘ये निर्णय राष्ट्र के हित में और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को मजबूत करने के लिए लिए गए हैं।’’
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


