सड़क सुरक्षा के लिए नागरिकों की भागीदारी महत्वपूर्ण : गडकरी
सड़क सुरक्षा के लिए नागरिकों की भागीदारी महत्वपूर्ण : गडकरी
नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को कहा कि सड़क सुरक्षा एक साझा जिम्मेदारी है और दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने के लिए नागरिकों की भागीदारी बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सड़क सुरक्षा में सुधार के लिए जनता के व्यवहार में बदलाव लाना और यातायात कानूनों को लागू करना देश की सबसे बड़ी चुनौतियां बनी हुई हैं।
ऑनलाइन कैब सेवा मंच ‘रैपिडो’ द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में गडकरी ने कहा कि भारत में हर वर्ष लगभग पांच लाख सड़क दुर्घटनाएं होती हैं और इनमें करीब 1.80 लाख लोगों की मौत हो जाती है।
उन्होंने कहा, ‘‘सड़क सुरक्षा एक साझा जिम्मेदारी है और सड़कों पर होने वाली मौतों को कम करने के लिए नागरिकों की भागीदारी महत्वपूर्ण है। हमारी सबसे बड़ी समस्या लोगों के व्यवहार में बदलाव लाना और यातायात नियमों को प्रभावी ढंग से लागू करना है।’’
भारत में 2024 में सड़क दुर्घटनाओं में मरने वालों की संख्या 2.3 प्रतिशत बढ़कर 1.77 लाख से अधिक हो गई, यानी की देश में प्रतिदिन औसतन 485 लोगों की जान सड़क हादसों में गई।
देश भर के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस विभाग द्वारा वर्ष 2023 के दौरान कुल 4,80,583 सड़क दुर्घटनाओं की सूचना दी गई, जिनमें 1,72,890 लोगों की जान गई और 4,62,825 लोग घायल हुए।
भाषा
यासिर अजय
अजय

Facebook


