कोलकाता, तीन अप्रैल (भाषा) ऐप आधारित बस सेवा प्रदाता सिटीफ्लो छह अप्रैल से कोलकाता में 300 बसों के साथ अपनी शटल सेवा की शुरुआत करेगी। कंपनी के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब कैब सेवा प्रदाता उबर ने शुक्रवार से शहर में अपनी शटल सेवा बंद कर दी हैं।
बस शटल सेवा पहले से तय मार्गों और समय-सारिणी के अनुरूप चलने वाली एक साझा परिवहन व्यवस्था होती है।
सिटीफ्लो ने कहा कि कोलकाता में उसकी बसें मुख्य रूप से उन्हीं मार्गों, समय-सारिणी और ठहरावों पर चलेंगी, जहां पहले उबर शटल चलती थी। नियमित यात्रियों की परेशानी को कम करने के लिए ऐसा किया जा रहा है।
कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और सह-संस्थापक जेरिन वेनाड ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “हम छह अप्रैल को कोलकाता में 300 बसों के साथ शटल सेवा शुरू कर रहे हैं। ये बसें अधिकतर उन्हीं मार्गों, समय और ठहरावों पर चलेंगी, जहां पहले उबर शटल सेवा उपलब्ध थी ताकि दफ्तर आने-जाने वाले यात्रियों को कम असुविधा हो।”
उन्होंने कहा, “पहले इस सेवा को मई से शुरू करने की योजना थी लेकिन पिछले एक सप्ताह में ग्राहकों की प्रतिक्रिया को देखते हुए इसे पहले शुरू किया जा रहा है। अगले दो महीनों में सेवा का दायरा चरणबद्ध तरीके से बढ़ाया जाएगा।”
सूत्रों के मुताबिक, उबर की शटल सेवा में करीब 800 वाहन शामिल थे।
भाषा योगेश प्रेम
प्रेम