मुख्यमंत्री ने बांकुड़ा में श्याम स्टील कारखाने की आधारशिला रखी, 15,000 करोड़ रुपये होगा निवेश
मुख्यमंत्री ने बांकुड़ा में श्याम स्टील कारखाने की आधारशिला रखी, 15,000 करोड़ रुपये होगा निवेश
बांकुड़ा (पश्चिम बंगाल), 17 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को बांकुड़ा जिले के मेजिया में श्याम स्टील ग्रुप के एकीकृत इस्पात संयंत्र की आधारशिला रखी।
उन्होंने इसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के औद्योगिकीकरण अभियान की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए कहा कि इस तरह के निवेश से राज्य के पिछड़े जिलों में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
कंपनी और राज्य सरकार के अनुसार, ग्रुप के इस्पात प्रभाग के विस्तार कार्यक्रम के तहत स्थापित होने वाले इस संयंत्र में करीब 15,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इससे हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारी ने कहा कि सरकार बांकुड़ा, पुरुलिया, पश्चिम बर्द्धमान और बीरभूम जैसे जिलों में उद्योगों को आकर्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि क्षेत्रीय विकास को गति मिल सके।
उन्होंने कहा, ‘यहां हजारों करोड़ रुपये का निवेश होगा, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिलेगा। यदि हम बांकुड़ा, पुरुलिया, पश्चिम बर्द्धमान और बीरभूम जैसे क्षेत्रों में उद्योग नहीं ला पाए तो इन इलाकों में बुनियादी ढांचे का विकास नहीं हो पाएगा और सहायक उद्योगों का विस्तार भी नहीं होगा।’
मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाने वाले हजारों युवाओं को वापस लाने में मदद मिलेगी और इससे सरकार के राजस्व में भी वृद्धि होगी।
उन्होंने राज्य सरकार के साथ काम करने के इच्छुक निवेशकों का स्वागत करते हुए दावा किया कि सरकार में बदलाव के बाद उद्योगों का पश्चिम बंगाल पर भरोसा फिर बढ़ रहा है।
भाषा योगेश रमण
रमण

Facebook


