कोयला मंत्रालय ने वाणिज्यिक नीलामी के 16वें दौर की शुरुआत की, 25 खदानों की होगी नीलामी

Ads

कोयला मंत्रालय ने वाणिज्यिक नीलामी के 16वें दौर की शुरुआत की, 25 खदानों की होगी नीलामी

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 04:59 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 04:59 PM IST

नयी दिल्ली, 17 सितंबर (भाषा) कोयला मंत्रालय ने वाणिज्यिक कोयला खदानों की नीलामी के 16वें दौर की बृहस्पतिवार को शुरुआत की और हितधारकों को बोली में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया।

मंत्रालय ने इस दौर में विभिन्न राज्यों में स्थित 25 कोयला खदानें बिक्री के लिए पेश की हैं। इनमें से 21 पूरी तरह से खोजी गई हैं, जबकि चार आंशिक रूप से खोजी गई खदानें हैं। ये खदानें ओडिशा, महाराष्ट्र, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, बिहार, तेलंगाना और अरुणाचल प्रदेश में स्थित हैं।

केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने नीलामी की शुरुआत करते हुए कहा, ‘‘हम निवेशकों से नीलामी के इस दौर में हिस्सा लेने का आह्वान करते हैं। नीलामी के इस नए दौर में रोजगार के बड़े अवसर सृजित करने और क्षेत्र में नए निवेश को आकर्षित करने की क्षमता है।’’

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2020 में वाणिज्यिक कोयला खदान नीलामी शुरू की थी।

मंत्रालय के मुताबिक, पिछले छह वर्षों में 15 नीलामी प्रक्रियाएं पूरी हुईं। इस दौरान 147 कोयला खदानों की सफलतापूर्वक नीलामी की जा चुकी है। इससे क्षेत्र में 44 नई कंपनियां आई हैं।

नीलाम की गई इन खदानों से सालाना करीब 47,500 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने का अनुमान है। इसके अलावा लगभग 55,000 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश आकर्षित होने और कोयला उत्पादक राज्यों में करीब 4.9 लाख रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, मार्च 2026 तक निजी इस्तेमाल और वाणिज्यिक कोयला खदानों से देश का कोयला उत्पादन 21.04 करोड़ टन रहा। यह वित्त वर्ष 2025-26 के 19.09 करोड़ टन के मुकाबले 10.22 प्रतिशत अधिक है।

भाषा यासिर निहारिका

निहारिका