वाणिज्य मंत्रालय की मुंबई में क्षेत्रीय कार्यालयों को एक ही छत के नीचे लाने की योजना

वाणिज्य मंत्रालय की मुंबई में क्षेत्रीय कार्यालयों को एक ही छत के नीचे लाने की योजना

वाणिज्य मंत्रालय की मुंबई में क्षेत्रीय कार्यालयों को एक ही छत के नीचे लाने की योजना
Modified Date: May 15, 2026 / 10:05 pm IST
Published Date: May 15, 2026 10:05 pm IST

मुंबई, 15 मई (भाषा) केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय कार्यक्षमता बढ़ाने, प्रशासनिक लागत कम करने और ‘व्यापार सुगमता’को बढ़ावा देने के लिए मुंबई में कार्यरत अपने विभिन्न क्षेत्रीय कार्यालयों को एक ही छत के नीचे लाने की योजना बना रहा है।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को मंत्रालय के विभिन्न कार्यालयों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ इस मुद्दे पर एक बैठक की।

बैठक में इन सभी कार्यालयों को एक स्थान पर एकीकृत करने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया, ताकि बेहतर समन्वय, सुचारु कार्यप्रणाली और सेवा वितरण में सुधार सुनिश्चित किया जा सके तथा ‘व्यापार सुगमता’ और ‘जीवनयापन को सुगम’ बनाने को और अधिक बढ़ावा दिया जा सके।

गोयल ने कहा कि इस बदलाव से प्रशासनिक दोहराव कम होगा, साझा आधारभूत ढांचे का बेहतर उपयोग होगा और निर्यातकों, सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई) तथा स्टार्टअप के लिए एक समग्र एकीकृत व्यवस्था विकसित होगी।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘हमारी योजना सभी कार्यालयों को, जहां तक संभव हो, एक ही स्थान पर लाने की है।’

मंत्री ने बताया कि मंत्रालय के लगभग 12 संगठनों के करीब 20 कार्यालय मुंबई के विभिन्न स्थानों पर फैले हुए हैं।

उन्होंने कहा, “परीक्षण के तौर पर उद्देश्य यह है कि मंत्रालय से जुड़े सभी विभागों और स्वायत्त निकायों के कार्यालयों को एक केंद्रीय स्थान पर एकीकृत किया जाए।”

भाषा

योगेश रमण

रमण


लेखक के बारे में