व्यापार समझौते की बातचीत में प्रगति की समीक्षा के लिए इस महीने चिली जाएंगे वाणिज्य सचिव: अधिकारी
व्यापार समझौते की बातचीत में प्रगति की समीक्षा के लिए इस महीने चिली जाएंगे वाणिज्य सचिव: अधिकारी
नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल भारत-चिली व्यापार समझौते की बातचीत में हुई प्रगति की समीक्षा के लिए इस महीने के अंत में चिली की यात्रा करेंगे। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
भारत और चिली ने 2006 में तरजीही व्यापार समझौता (पीटीए) लागू किया था। अब दोनों देश इसके दायरे को बढ़ाकर व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) के रूप में विस्तार देने के लिए बातचीत कर रहे हैं।
सीईपीए का उद्देश्य दोनों देशों के बीच मौजूदा पीटीए को व्यापक बनाना है। इसके तहत डिजिटल सेवाओं, निवेश को बढ़ावा देने, सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई) तथा महत्वपूर्ण खनिजों समेत कई क्षेत्रों को शामिल करने का प्रस्ताव है।
अधिकारी ने बताया कि सचिव की इस यात्रा के दौरान बातचीत में हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर, हमें अच्छे समझौते का विकल्प मिलता है तो हम आगे बढ़ेंगे… अगर ऐसा नहीं मिलता है तो कोई जल्दबाजी नहीं है।’’
चिली, लातिन अमेरिकी एवं कैरेबियाई (एलएसी) क्षेत्र में भारत का पांचवां सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है।
वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने कहा कि भारत मर्कोसुर समूह के साथ तरजीही व्यापार समझौते के लिए बातचीत आगे बढ़ा रहा है।
मर्कोसुर लातिन अमेरिका का एक व्यापारिक समूह है, जिसमें ब्राजील, अर्जेंटीना, उरुग्वे और पैराग्वे शामिल हैं।
भारत, मैक्सिको और केन्या के साथ भी ऐसे समझौतों पर बातचीत कर सकता है।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


