(तस्वीरों सहित)
नोएडा, 15 जून (भाषा) नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार से वाणिज्यिक उड़ान परिचालन शुरू हो गया जिसके तहत लखनऊ से इंडिगो की पहली उड़ान यहां पहुंची। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इसके कुछ ही देर बाद हवाई अड्डे से लखनऊ के लिए पहली उड़ान भी रवाना हुई। इस विमान में जेवर क्षेत्र के 172 ग्रामीण सवार थे, जिनकी जमीन हवाई अड्डे के पहले चरण के विकास के लिए राज्य सरकार ने अधिग्रहीत की थी।
जेवर में उड़ान परिचालन शुरू होने के साथ ही दिल्ली-एनसीआर उन चुनिंदा वैश्विक महानगरों की श्रेणी में शामिल हो गया है, जहां एक से अधिक हवाई अड्डे संचालित हैं।
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने कहा कि जो सपना एक दशक पहले असंभव प्रतीत होता था, उसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने साकार कर दिखाया।
उन्होंने कहा कि यदि भारत को विकसित राष्ट्र बनना है, तो उसके पास मजबूत और आधुनिक परिवहन नेटवर्क होना आवश्यक है।
प्रधानमंत्री ने 25 नवंबर 2021 को इस हवाई अड्डे की आधारशिला रखी थी और 28 मार्च 2026 को इसका उद्घाटन किया था।
नायडू ने कहा, ‘‘हम नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को केवल एक ट्रांजिट या परिवहन केंद्र के रूप में नहीं, बल्कि एक ‘एयरोट्रोपोलिस’ के रूप में विकसित होते देखना चाहते हैं। ‘एयरोट्रोपोलिस’ से हमारा आशय एक ऐसा क्षेत्र, जहां हवाई अड्डे के आसपास विभिन्न उद्योग विकसित हों और एक मजबूत आर्थिक पारिस्थितिकी तंत्र तैयार हो, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सेवाएं प्रदान कर सके।’’
हवाई अड्डा अधिकारियों के अनुसार, इंडिगो की उड़ान 6ई-2278 लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सुबह सात बजकर 12 मिनट पर रवाना हुई और सात बजकर 58 मिनट पर नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी।
इस आगमन के साथ ही जेवर स्थित हवाई अड्डे पर वाणिज्यिक उड़ान परिचालन की औपचारिक शुरुआत हो गई।
पहली प्रस्थान उड़ान सुबह आठ बजकर 10 मिनट पर लखनऊ के लिए रवाना हुई। इसमें अन्य यात्रियों के अलावा जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राकेश सिंह, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र भाटिया तथा पीसीएस अधिकारी एवं जेवर के पूर्व उप जिलाधिकारी (एसडीएम) अभय सिंह समेत प्राधिकरण के कई अधिकारी सवार थे।
अधिकारियों ने बताया कि नयी हवाई संपर्क सुविधा से कारोबारियों, विद्यार्थियों, पेशेवरों और अन्य यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे तथा क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि हवाई अड्डे को एक बहु-माध्यमीय (मल्टी-मॉडल) परिवहन केंद्र के रूप में विकसित किया गया है, जहां हवाई, सड़क और अन्य परिवहन साधनों के माध्यम से निर्बाध संपर्क सुनिश्चित किया गया है।
एक बयान में इंडिगो के मुख्य रणनीति अधिकारी आलोक सिंह ने इस हवाई अड्डे के उद्घाटन को भारत के विमानन क्षेत्र की विकास यात्रा में एक नए अध्याय की शुरुआत बताया।
उन्होंने कहा, ‘‘नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से परिचालन शुरू करने वाली पहली विमानन कंपनी होना इंडिगो के लिए केवल एक व्यावसायिक उपलब्धि नहीं है, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और उन लाखों यात्रियों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिनके लिए यह हवाई अड्डा नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। हमें पहले दिन से इस यात्रा का हिस्सा बनने पर गर्व है।’’
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उपाध्यक्ष क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने कहा कि पहली विमानन कंपनी के रूप में इंडिगो का लक्ष्य एनआईए को देश के प्रमुख शहरों से जोड़ना है, जिससे यात्रियों को शुरुआत से ही अधिक विकल्प और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा, ‘‘हम यात्रियों को निर्बाध यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में विमानन, व्यापार और पर्यटन के निरंतर विकास को बढ़ावा देने के लिए इंडिगो के साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हैं।’’
भाषा खारी मनीषा
मनीषा