Football Coach Raped Minor Student / Image Source : X
पालघर :Football Coach Raped Minor Student : महाराष्ट्र के पालघर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां वसई इलाके में एक निजी फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र चलाने वाले कोच पर 17 साल की नाबालिग लड़की का पिछले तीन साल तक यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 36 वर्षीय आरोपी कोच को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने साल 2023 में फुटबॉल की ट्रेनिंग लेने के लिए आरोपी के कोचिंग सेंटर में दाखिला लिया था। इस दौरान कोच ने खेल के क्षेत्र में बेहतरीन मौकों और अच्छा करियर बनवाने का भरोसा दिलाकर पहले लड़की का विश्वास जीता। इसके बाद उसने पिछले तीन सालों में कथित तौर पर उसका शारीरिक और यौन शोषण किया।
लड़की का आरोप है कि आरोपी कोच ने उसके कुछ वीडियो भी बनाए और तस्वीरें भी खींचीं। जब पीड़िता ने इस प्रताड़ना से तंग आकर कोच से बातचीत कम कर दी, तो आरोपी उसे वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करने की धमकी देने लगा। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर नाबालिग ने आखिरकार अपने परिजनों को पूरी आपबीती बताई, जिसके बाद परिवार ने माणिकपुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। माणिकपुर पुलिस ने आरोपी कोच के खिलाफ बलात्कार और पॉक्सो अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है।