कच्चे तेल का वायदा भाव 26 प्रतिशत के उछाल के साथ 10,549 रुपये प्रति बैरल के रिकॉर्ड स्तर पर
कच्चे तेल का वायदा भाव 26 प्रतिशत के उछाल के साथ 10,549 रुपये प्रति बैरल के रिकॉर्ड स्तर पर
नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में संघर्ष तेज होने से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति बाधित होने की आशंका के बीच सोमवार को वायदा कारोबार में कच्चे तेल की कीमतें 26 प्रतिशत से अधिक के उछाल के साथ 10,549 रुपये प्रति बैरल के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गईं।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में मार्च डिलिवरी वाला कच्चा तेल 2,186 रुपये यानी 26.13 प्रतिशत बढ़कर 10,549 रुपये प्रति बैरल के अपने अबतक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। पिछले कारोबारी सत्र में इसका बंद भाव 8,363 रुपये प्रति बैरल था।
कच्चे तेल का अप्रैल डिलिवरी वाला अनुबंध भी 2,158 रुपये यानी 26.91 प्रतिशत बढ़कर 10,177 रुपये प्रति बैरल के नए शिखर पर पहुंच गया। इससे पिछले सत्र में इसका भाव 8,019 रुपये प्रति बैरल था।
वायदा कारोबार के दौरान दोनों आपूर्ति अनुबंध अपने-अपने ऊपरी सर्किट स्तर तक पहुंच गए।
चॉइस ब्रोकिंग के जिंस एवं मुद्रा विश्लेषक आमिर मकडा ने कहा कि एमसीएक्स पर कच्चे तेल का मार्च अनुबंध पहले ही ऊपरी सर्किट स्तर को छू चुका है और आने वाले सत्रों में इसकी कीमतें 11,300 रुपये प्रति बैरल तक भी जा सकती हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कच्चे तेल की कीमतें वर्ष 2022 के बाद पहली बार 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गईं। वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) कच्चा तेल अप्रैल डिलिवरी के लिए 28.58 डॉलर यानी 31.44 प्रतिशत बढ़कर 119.48 डॉलर प्रति बैरल हो गया।
वहीं, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का मई अनुबंध 26.71 डॉलर यानी 28.82 प्रतिशत बढ़कर 119.40 डॉलर प्रति बैरल के दिन के उच्चस्तर पर पहुंच गया।
विश्लेषकों के मुताबिक, होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल टैंकर की आवाजाही प्रभावित होने के बाद पश्चिम एशिया के कई उत्पादकों ने उत्पादन सीमित कर दिया, जिससे वैश्विक बाजार में कीमतों में तेजी आई।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय

Facebook


