नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) वायदा कारोबार में मंगलवार को कच्चे तेल के वायदा भाव एक प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 7,761 रुपये प्रति बैरल हो गए। ऐसा मजबूत वैश्विक रुख और आपूर्ति में रुकावट की लगातार बनी चिंताओं के कारण हुआ, जबकि अमेरिका और ईरान के बीच फिर से कूटनीतिक कोशिशें शुरू हो गई हैं।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में कच्चे तेल का अगस्त माह में डिलिवरी होने वाला अनुबंध 116 रुपये या 1.52 प्रतिशत की तेजी के साथ 7,761 रुपये प्रति बैरल हो गया। पिछले सत्र में यह 7,645 रुपये प्रति बैरल पर बंद हुआ था।
कच्चा तेल के सितंबर माह में डिलिवरी होने वाले अनुबंध की कीमत 109 रुपये या 1.46 प्रतिशत की तेजी के साथ 7,570 रुपये प्रति बैरल हो गया। पिछले सत्र में यह 7,461 रुपये प्रति बैरल पर बंद हुआ था।
कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के यह कहने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई कि ईरान के साथ बातचीत चल रही है। उन्होंने इसे पांच महीने से चल रहे टकराव को खत्म करने के लिए तेहरान का ‘आखिरी मौका’ बताया। हालांकि, ईरान ने वॉशिंगटन और तेहरान के बीच किसी भी तरह की बातचीत से इनकार किया।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सितंबर डिलीवरी वाले वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट कच्चा तेल 1.15 प्रतिशत की तेजी के साथ 81.26 डॉलर प्रति बैरल हो गया जबकि अक्टूबर डिलीवरी वाला ब्रेंट क्रूड का दाम 1.56 प्रतिशत बढ़कर 85.08 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
भाषा राजेश राजेश
राजेश