नयी दिल्ली, 10 मार्च (भाषा) ‘विकसित भारत’ का सपना बेहतर बुनियादी ढांचे और सही नीतियों के माध्यम से साकार होगा और राष्ट्रीय राजधानी एक विकसित राष्ट्र की ओर बढ़ने के मार्ग में नेतृत्व कर सकती है। दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने मंगलवार को यह बात कही।
भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) द्वारा आयोजित ‘दिल्ली राज्य वार्षिक सत्र 2025-26 और व्यापार सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए पर्यावरण, उद्योग और खाद्य आपूर्ति मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि सरकार और उद्योग जगत मिलकर ‘भविष्य के लिए तैयार दिल्ली’ का निर्माण कर सकते हैं।
सिरसा ने कहा, ‘विकसित भारत हर नागरिक का सपना है और यह देश तभी आगे बढ़ेगा जब राजधानी विकसित होगी।’
पिछले एक वर्ष के दौरान दिल्ली सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए सिरसा ने कहा कि छात्रों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने को 75 नए ‘सीएम श्री’ स्कूल शुरू किए गए हैं।
मंत्री ने अतिरिक्त मेट्रो लाइन, 1,500 इलेक्ट्रिक बस और हरित क्षेत्र के विस्तार जैसे उदाहरण देते हुए बताया कि सरकार यातायात और प्रदूषण जैसी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘बेहतर अवसंरचना और सही नीतियों के माध्यम से हम अपनी दिल्ली से ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करेंगे।’
भाषा सुमित अजय
अजय