भदोही (उप्र) 10 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में ग्राम प्रधान के बेटे ने एक चौकीदार पर कथित तौर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिसके बाद अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना में 80 प्रतिशत तक झुलस जाने के बाद चौकीदार जैसलाल सरोज (55) को गंभीर हालत में वाराणसी के बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजा गया था, जहां मंगलवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि घटना सोमवार सुबह यहां ज्ञानपुर थाना क्षेत्र के पीपर गांव में हुई, जब चौकीदार गांव में लगे हैंडपंप के खराब होने पर उसका पाइप बदलवाने के लिए गांव के प्रधान राम नाथ यादव के घर गया था।
उन्होंने बताया इस बीच वहां हुई कहासुनी के बाद पूर्वाह्न करीब दस बजे यादव का बेटा कमलेश यादव (30) पेट्रोल लेकर आया और सरोज पर डाल कर आग लगा दी।
एसपी ने कहा कि सरोज को जलता देख कुछ गांव वालों ने उस पर कंबल डालकर आग बुझाई, लेकिन तब तक उसका शरीर 80 प्रतिशत से अधिक झुलस चुका था।
मांगलिक ने बताया सरोज को वाराणसी के अस्पताल भेजा गया, जहां मंगलवार को उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि सरोज के भाई बाबूलाल सरोज की तहरीर पर दर्ज प्राथमिकी में हत्या की धारा जोड़ दी गई है। इसके साथ एससी/एसटी अधिनियम धारा भी लगाई गई है।
मांगलिक ने कहा कि आरोपी कमलेश को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि भारी तनाव को देखते हुए कई थानों की पुलिस के साथ पीएसी तैनात कर दी गई है।
भाषा सं आनन्द जोहेब
जोहेब