दिल्ली के शिक्षा मंत्री ने ‘सेवा-फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ शुरू किया

Ads

दिल्ली के शिक्षा मंत्री ने ‘सेवा-फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ शुरू किया

  •  
  • Publish Date - September 19, 2026 / 08:02 PM IST,
    Updated On - September 19, 2026 / 08:02 PM IST

नयी दिल्ली, 19 सितंबर (भाषा) दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने शनिवार को ‘सेवा-फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026’ की शुरुआत की और कहा कि इसका उद्देश्य दिल्ली में एक मजबूत नवाचार और स्टार्टअप परिवेश तैयार करना है, जहां युवा नवोन्मेषकों को सफल उद्यमियों, स्टार्टअप संस्थापकों और उद्योग जगत के दिग्गजों से सीखने का अवसर मिले।

दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) में शुरू हुई 100 दिन की इस पहल में युवाओं को वास्तविक समस्याओं के लिए प्रौद्योगिकी आधारित समाधान तैयार करने का मौका मिलेगा। इसके लिए दो करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। प्रतिभागियों को विशेषज्ञों से मार्गदर्शन और दिल्ली सरकार से जरूरी सहयोग भी दिया जाएगा।

एक बयान के अनुसार डीटीयू इस पहल की अगुवाई करेगा। इसके दायरे में हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़ और लद्दाख को शामिल किया गया है।

बयान में कहा गया कि इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के विश्वविद्यालयों, उद्योगों, स्टार्टअप, स्कूलों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) और पॉलिटेक्निक संस्थानों के विद्यार्थी इसमें भाग लेंगे।

डीटीयू में प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए सूद ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य वास्तविक समस्याओं के समाधान खोजकर समाज की सेवा करना है।

उन्होंने कहा कि 100 दिन की इस पहल के तहत विद्यार्थियों को कृषि, कचरा प्रबंधन, शिक्षा और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

भाषा योगेश पाण्डेय

पाण्डेय