देश के सात शहरों में अप्रैल-जून तिमाही में कार्यालय पट्टे पर लेने की मांग दो प्रतिशत घटी:कॉलियर्स
देश के सात शहरों में अप्रैल-जून तिमाही में कार्यालय पट्टे पर लेने की मांग दो प्रतिशत घटी:कॉलियर्स
नयी दिल्ली, 25 जून (भाषा) देश के शीर्ष सात शहरों में अप्रैल-जून तिमाही के दौरान कार्यालय परिसरों को पट्टे पर लेने की सकल मांग दो प्रतिशत की गिरावट के साथ 1.74 करोड़ वर्ग फुट रह गई। संपत्ति परामर्शदाता कॉलियर्स इंडिया ने यह जानकारी दी।
अप्रैल-जून 2025 में सकल पट्टा मांग 1.78 करोड़ वर्ग फुट थी।
कॉलियर्स इंडिया ने बताया इस दौरान बेंगलुरु, दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) और हैदराबाद में कार्यालय स्थानों की मांग बढ़ी जबकि मुंबई, पुणे, चेन्नई और कोलकाता में गिरावट दर्ज की गई।
आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल-जून तिमाही में बेंगलुरु में सकल पट्टा मांग आठ प्रतिशत बढ़कर 52 लाख वर्ग फुट हो गई जो एक वर्ष पहले इसी अवधि में 48 लाख वर्ग फुट थी। दिल्ली-एनसीआर में कार्यालय पट्टा मांग 23 प्रतिशत बढ़कर 27 लाख वर्ग फुट पहुंच गई जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 22 लाख वर्ग फुट थी। हैदराबाद में यह 19 प्रतिशत बढ़कर 38 लाख वर्ग फुट हो गई जबकि एक वर्ष पहले यह 32 लाख वर्ग फुट थी।
इसके विपरीत, मुंबई में सकल पट्टा मांग 29 प्रतिशत घटकर 20 लाख वर्ग फुट रह गई जो पिछले वर्ष 28 लाख वर्ग फुट थी। चेन्नई में 23 प्रतिशत की गिरावट के साथ यह 20 लाख वर्ग फुट, पुणे में 25 प्रतिशत घटकर 12 लाख वर्ग फुट और कोलकाता में भी 17 प्रतिशत गिरावट के साथ पांच लाख वर्ग फुट रह गई।
परामर्शदाता कंपनी ने कहा कि वर्ष की पहली तिमाही में मजबूत प्रदर्शन के बाद अप्रैल-जून में ‘ग्रेड-ए’ कार्यालय परिसरों की मांग में हल्की नरमी आई, लेकिन वैश्विक व्यापार व्यवधानों एवं आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद बाजार कुल मिलाकर मजबूत बना रहा।
इस कैलेंडर वर्ष की दूसरी तिमाही में कार्यालय परिसरों की नई आपूर्ति 28 प्रतिशत घटकर 1.07 करोड़ वर्ग फुट रह गई, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 1.49 करोड़ वर्ग फुट थी।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


