जिलाधिकारी 15-20 प्रतिशत वृद्धि दर का लक्ष्य रखें : नायडू

जिलाधिकारी 15-20 प्रतिशत वृद्धि दर का लक्ष्य रखें : नायडू

जिलाधिकारी 15-20 प्रतिशत वृद्धि दर का लक्ष्य रखें : नायडू
Modified Date: September 10, 2026 / 06:16 pm IST
Published Date: September 10, 2026 6:16 pm IST

अमरावती, 10 सितंबर (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 13.4 प्रतिशत की वृद्धि दर दर्ज की, जो देश में सबसे अधिक है।

उन्होंने जिलाधिकारियों से 20 प्रतिशत तक की वृद्धि दर हासिल करने का लक्ष्य रखने को कहा।

सचिवालय में जिलाधिकारियों के आठवें सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला अधिकारियों में नेतृत्व क्षमता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

नायडू ने कहा, ‘‘राज्य ने पहली तिमाही में 13.4 प्रतिशत की वृद्धि दर हासिल की, जो भारत में सबसे अधिक है… 15 से 20 प्रतिशत की वृद्धि दर हासिल की जानी चाहिए।’’

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जिलाधिकारियों को नेतृत्व क्षमता का प्रशिक्षण देने की रणनीति तैयार कर रही है।

दक्षिणी राज्य में कम बारिश के संकट का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों और लोगों के लिए जल सुरक्षा सुनिश्चित करने को जिलाधिकारियों को बेहतर योजना के साथ काम करना चाहिए।

नायडू ने जिला प्रशासन के प्रमुखों को जमीनी हकीकत समझने और ‘‘मौके पर ही समस्याओं का समाधान’’ करने के लिए क्षेत्र के दौरे को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

नायडू ने जिलाधिकारियों से अपने-अपने जिलों में विकास के नए इंजन की पहचान करने और संपदा तथा आय के नए स्रोत विकसित करने को कहा।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले को अपनी शीर्ष 25 परियोजनाओं की पहचान करनी चाहिए, जबकि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए 10 से 15 प्राथमिकता वाली परियोजनाएं चिन्हित की जानी चाहिए।

भाषा निहारिका अजय

अजय


लेखक के बारे में