शेयर बाजार में तीन दिन से जारी गिरावट थमी, सेंसेक्स 138 अंक चढ़ा

शेयर बाजार में तीन दिन से जारी गिरावट थमी, सेंसेक्स 138 अंक चढ़ा

शेयर बाजार में तीन दिन से जारी गिरावट थमी, सेंसेक्स 138 अंक चढ़ा
Modified Date: September 10, 2026 / 05:37 pm IST
Published Date: September 10, 2026 5:37 pm IST

मुंबई, 10 सितंबर (भाषा) स्थानीय शेयर बाजार में पिछले तीन दिन से जारी गिरावट पर बृहस्पतिवार को विराम लगा और मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 138 अंक चढ़ गया। वहीं एनएसई निफ्टी 46 अंक के लाभ में रहा। कारोबार के अंतिम घंटे में एचडीएफसी बैंक और एक्सिस बैंक जैसे प्रमुख शेयरों में लिवाली से बाजार में तेजी आई।

कारोबारियों ने कहा कि वैश्विक तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर रहने से पूरे दिन निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता सीमित रही।

निवेशकों ने बाजार में अपनी हिस्सेदारी कम रखी, जिससे ज्यादातर समय कारोबार एक सीमित दायरे में रहा।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 138.36 अंक यानी 0.19 प्रतिशत बढ़कर 74,902.59 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 74,910.96 अंक तक गया जबकि नीचे में 74,598.47 अंक तक आया।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 46.30 अंक यानी 0.20 प्रतिशत बढ़कर 23,477.80 अंक पर बंद हुआ।

शोध विश्लेषक फर्म एचएसटी वेल्थ के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी हरिसेल्वन राधाकृष्णन ने कहा, ‘‘घरेलू शेयर बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। कमजोर वैश्विक संकेतों और ब्रेंट क्रूड की कीमत 102 डॉलर प्रति बैरल रहने के बावजूद वित्तीय और तेल एवं गैस शेयरों में चुनिंदा लिवाली से बाजार में तेजी आई।’’

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में पावर ग्रिड, एक्सिस बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, एनटीपीसी, टेक महिंद्रा, भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक और लार्सन एंड टुब्रो प्रमुख रूप से लाभ में रहीं।

एचसीएल टेक, टाटा स्टील, ट्रेंट और आईटीसी नुकसान के शेयर नुकसान में रहे।

अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में ब्रेंट कच्चा तेल 1.19 प्रतिशत बढ़कर 102.2 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.16 प्रतिशत चढ़ा, जबकि मिडकैप सेलेक्ट में 0.34 प्रतिशत की गिरावट रही।

बीएसई के क्षेत्रवार सूचकांकों में बीमा 0.58 प्रतिशत, टॉप-10 बैंक 0.52 प्रतिशत, बैंकएक्स 0.36 प्रतिशत, निजी बैंक सूचकांक 0.35 प्रतिशत, वित्तीय सेवाएं 0.34 प्रतिशत और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक 0.32 प्रतिशत चढ़े।

पूंजीगत सामान 0.99 प्रतिशत, दूरसंचार 0.91 प्रतिशत, धातु 0.67 प्रतिशत और अस्पताल 0.48 प्रतिशत टूटे।

ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा, ‘‘भारतीय शेयर बाजार तीन लगातार सत्रों की तेज गिरावट के बाद सीमित दायरे में कारोबार करते हुए मजबूती के साथ बंद हुआ। निवेशकों की नजर आगामी अमेरिकी मुद्रास्फीति के आंकड़ों पर है, जो फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति को लेकर उम्मीदों को प्रभावित कर सकते हैं और वैश्विक शेयर, बॉन्ड प्रतिफल तथा उभरते बाजारों की मुद्राओं को नई दिशा दे सकते हैं।’’

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि जापान का निक्की बढ़त में रहा।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार के दौरान मिला-जुला रुख देखने को मिला। अमेरिकी बाजार बुधवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘निवेशकों की नजर अब अमेरिकी मुद्रास्फीति के महत्वपूर्ण आंकड़ों पर है। इससे ब्याज दर की दिशा के बारे में संकेत मिल सकते हैं।’’

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 582.99 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

सेंसेक्स बुधवार को 813.35 अंक टूटकर 74,764.23 अंक पर बंद हुआ था जबकि निफ्टी 203.60 अंक की गिरावट के साथ 23,431.50 अंक पर रहा था।

भाषा योगेश अजय

अजय


लेखक के बारे में