घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या में अप्रैल में 4.2 प्रतिशत की गिरावट
घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या में अप्रैल में 4.2 प्रतिशत की गिरावट
नयी दिल्ली, 31 मई (भाषा) अपेक्षाकृत कमजोर यात्रा मांग सहित कई अन्य प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण मार्च की तुलना में अप्रैल महीने में घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या में 4.2 प्रतिशत की गिरावट आई।
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल में एयरलाइन कंपनियों ने 1.38 करोड़ से अधिक यात्रियों को यात्रा कराई। यह आंकड़ा पिछले वर्ष अप्रैल में यात्रा करने वाले 1.43 करोड़ से अधिक यात्रियों की तुलना में 3.47 प्रतिशत कम है।
मार्च में 1.44 करोड़ यात्रियों के मुकाबले अप्रैल में यात्री यातायात में 4.2 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
डीजीसीए ने अप्रैल माह की रिपोर्ट में कहा, ‘‘2026 की जनवरी-अप्रैल अवधि के दौरान घरेलू एयरलाइन कंपनियों ने 57.55 करोड़ यात्रियों को यात्रा कराई, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में यह संख्या 57.51 करोड़ थी। इस तरह सालाना आधार पर 0.06 प्रतिशत वृद्धि और मासिक आधार पर 3.47 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।’’
एयरलाइन कंपनियों को ईंधन की ऊंची कीमतों के कारण बढ़ती परिचालन लागत और अपेक्षाकृत धीमी मांग जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
इन परिस्थितियों के बीच कुछ एयरलाइन कंपनियों ने अस्थायी रूप से अपने उड़ान नेटवर्क में भी कटौती की है।
डीजीसीए के आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल में इंडिगो की बाजार हिस्सेदारी बढ़कर 65 प्रतिशत हो गई, जो मार्च में 63.3 प्रतिशत थी। वहीं एअर इंडिया समूह की हिस्सेदारी 26.2 प्रतिशत से घटकर 24.7 प्रतिशत रह गई।
अकासा एयर की बाजार हिस्सेदारी मार्च के 5.4 प्रतिशत से बढ़कर अप्रैल में 5.8 प्रतिशत हो गई, जबकि स्पाइसजेट की हिस्सेदारी 3.8 प्रतिशत से घटकर 3.4 प्रतिशत रह गई।
एलायंस एयर की हिस्सेदारी भी मार्च के 0.6 प्रतिशत से घटकर अप्रैल में 0.3 प्रतिशत रह गई।
डीजीसीए के अनुसार, अप्रैल में घरेलू एयरलाइन कंपनियों को कुल 3,266 यात्री-संबंधी शिकायतें प्राप्त हुईं। प्रति 10,000 यात्रियों पर शिकायतों की संख्या 2.36 रही।
समय पर उड़ान संचालन के मामले में अप्रैल में इंडिगो 88.5 प्रतिशत के साथ सबसे आगे रही। इसके बाद, एअर इंडिया समूह (82.4 प्रतिशत), अकासा एयर (81.4 प्रतिशत), एलायंस एयर (71.2 प्रतिशत) और स्पाइसजेट (31.2 प्रतिशत) का स्थान रहा।
पिछले महीने लगभग 1.12 प्रतिशत उड़ानें दो घंटे से अधिक विलंब से परिचालित हुईं।
डीजीसीए के आंकड़ों के अनुसार, उड़ानें विलंबित होने से 1.35 लाख से अधिक यात्री प्रभावित हुए। एयरलाइन कंपनियों ने यात्रियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने पर 2.41 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए।
उड़ान रद्द होने से 77,065 यात्री प्रभावित हुए और इस संबंध में एयरलाइन कंपनियों ने मुआवजे तथा सुविधाओं पर 2.04 करोड़ रुपये का भुगतान किया।
इसके अलावा, 641 यात्रियों को विमान में सवार होने से रोका गया, जिसके लिए एयरलाइन कंपनियों ने मुआवजे और सुविधाओं के रूप में 57.65 लाख रुपये खर्च किए।
भाषा योगेश सुभाष
सुभाष
लेखक के बारे में
Web Title: घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या में अप्रैल में 4.2 प्रतिशत की गिरावट
बिज़नेस
और भी पढ़ें ›खाद्य आपूर्ति को ‘हथियार’ की तरह इस्तेमाल करने और वैध उपायों में अंतर करना जरूरी: गोयल
01 Oct 2026 | 10:30 pmऊर्जा सुरक्षा के लिए मजबूत नियमन, बाजार आधारित सुधारों की जरूरत: नीति सदस्य गौबा
01 Oct 2026 | 10:13 pmमहाराष्ट्र में संपत्ति दस्तावेजों के पंजीकरण के लिए आधार प्रमाणीकरण अनिवार्य
01 Oct 2026 | 10:02 pmएनसीएलटी अध्यक्ष का दिवाला मामलों के लिए वित्तीय सीमा बढ़ाकर पांच करोड़ रुपये करने का सुझाव
01 Oct 2026 | 10:00 pmमहंगाई की चिंता के बीच जून तिमाही में शहरी परिवारों ने एफएमसीजी खर्च घटाया: रिपोर्ट
01 Oct 2026 | 9:56 pmकार्ल्सबर्ग की भारतीय इकाई समेत चार कंपनियों को आईपीओ के लिए सेबी की मंजूरी
01 Oct 2026 | 9:45 pmएसईए ने तिलहन गलियारे की संभावना तलाशने को मोजाम्बिक के प्रांत के साथ करार किया
01 Oct 2026 | 9:32 pmन्यूजीलैंड सेब बागवानी के प्रोत्साहन के लिए हिमाचल को तकनीकी विशेषज्ञता देने को तैयार
01 Oct 2026 | 9:26 pm