एम्बैसी डेवलपमेंट्स का बेंगलुरु में दो आवासीय परियोजनाओं से 4,500 करोड़ रुपये के राजस्व का लक्ष्य

Ads

एम्बैसी डेवलपमेंट्स का बेंगलुरु में दो आवासीय परियोजनाओं से 4,500 करोड़ रुपये के राजस्व का लक्ष्य

  •  
  • Publish Date - September 15, 2026 / 05:08 PM IST,
    Updated On - September 15, 2026 / 05:08 PM IST

नयी दिल्ली, 15 सितंबर (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी एम्बैसी डेवलपमेंट्स अपनी विस्तार योजना के तहत बेंगलुरु में दो आवासीय परियोजनाएं विकसित करेगी। इससे करीब 4,500 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने का अनुमान है।

एम्बैसी डेवलपमेंट्स ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि उसने उत्तर बेंगलुरु में 85 एकड़ में फैली आवासीय टाउनशिप परियोजना ‘एम्बैसी ओरिजिन्स’ शुरू की है।

इस परियोजना के पहले चरण में रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (रेरा) से मंजूर दो आवासीय परियोजनाएं ‘एम्बैसी रिवराइन’ और ‘एम्बेसी साउथ रिजर्व’ शामिल हैं।

टाउनशिप की इन दोनों परियोजनाओं से अनुमानित राजस्व 4,500 करोड़ रुपये है। इन दोनों परियोजनाओं में एम्बैसी डेवलपमेंट्स 217 विला और 855 अपार्टमेंट बनाएगी। दोनों परियोजनाओं में कुल मिलाकर 26 लाख वर्ग फुट से अधिक बिक्री योग्य आवासीय क्षेत्र उपलब्ध होगा।

एम्बैसी डेवलपमेंट्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक आदित्य विरवानी ने कहा कि बेंगलुरु बाजार में आवास की मांग लगातार मजबूत बनी हुई है।

एम्बैसी डेवलपमेंट्स की मौजूदगी बेंगलुरु, मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर), दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर), चेन्नई और इंदौर में है।

कंपनी बेंगलुरु स्थित एम्बैसी समूह का हिस्सा है जिसने भारत में वाणिज्यिक, आवासीय, आतिथ्य, सेवा तथा शिक्षा क्षेत्रों में 10 करोड़ वर्ग फुट से अधिक क्षेत्र विकसित किया है।

भाषा निहारिका अजय

अजय