तमिलनाडु ने ब्रिटेन में 15,300 करोड़ रुपये के निवेश समझौतों पर किए हस्ताक्षर

Ads

तमिलनाडु ने ब्रिटेन में 15,300 करोड़ रुपये के निवेश समझौतों पर किए हस्ताक्षर

  •  
  • Publish Date - September 15, 2026 / 05:13 PM IST,
    Updated On - September 15, 2026 / 05:13 PM IST

चेन्नई, 15 सितंबर (भाषा) तमिलनाडु सरकार ने मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की ब्रिटेन यात्रा के दौरान प्रमुख वैश्विक कंपनियों के साथ समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत 15,300 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

इन निवेश से राज्य में 10,000 से अधिक लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, ये समझौते 14 सितंबर को लंदन में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में राज्य की निवेश संवर्धन एजेंसी ‘गाइडेंस तमिलनाडु’ और संबंधित कंपनियों के बीच किए गए।

ये एमओयू वाहन कलपुर्जा विनिर्माण, अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी), नवीकरणीय ऊर्जा, पावर ग्रिड उपकरण और वैश्विक क्षमता केंद्र (जीसीसी) सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों से संबंधित हैं।

इन समझौतों के तहत बहुराष्ट्रीय कंपनी संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल लिमिटेड ने तमिलनाडु में विभिन्न स्थानों पर अपने डिजाइन, इंजीनियरिंग, विनिर्माण, एकीकरण और लॉजिस्टिक केंद्रों के विस्तार के लिए लगभग 11,000 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बनाई है। इस कदम से करीब 7,000 नौकरियां सृजित होने की उम्मीद है।

ब्रिटेन स्थित विल्सन पावर सॉल्यूशंस तिरुवल्लूर जिले में अपने ट्रांसफार्मर विनिर्माण परिचालन के अगले चरण के लिए 300 करोड़ रुपये का निवेश करेगी, जिससे 400 नए रोजगार पैदा होंगे।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय