सूरत में साप्ताहिक अवकाश की मांग को लेकर कपड़ा कढ़ाई क्षेत्र के कर्मचारियों का प्रदर्शन

Ads

सूरत में साप्ताहिक अवकाश की मांग को लेकर कपड़ा कढ़ाई क्षेत्र के कर्मचारियों का प्रदर्शन

  •  
  • Publish Date - August 16, 2026 / 07:23 PM IST,
    Updated On - August 16, 2026 / 07:23 PM IST

सूरत, 16 अगस्त (भाषा) गुजरात में सूरत के अमरोली इलाके में कपड़ा कढ़ाई इकाइयों के करीब 500 कर्मचारियों ने सप्ताह में एक दिन, खासकर रविवार को अवकाश देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने बाद में प्रदर्शनकारियों को वहां से हटा दिया।

पुलिस उपायुक्त (जोन-5) एल ए झाला ने कहा कि अमरोली और आसपास की कढ़ाई इकाइयों में काम करने वाले कर्मचारियों ने चौराहे पर एकत्र होकर सप्ताह में कम से कम एक दिन अवकाश देने की मांग को लेकर नारेबाजी की। यह चौराहा मजदूरों के लिए एक आम मिलन स्थल है, जहां कई चाय और नाश्ते की दुकानें हैं।

झाला ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया और लोगों को स्थिति समझाने के बाद भीड़ को वहां से हटा दिया गया। आंसू गैस छोड़ने या लाठीचार्ज करने की जरूरत नहीं पड़ी।’’

उन्होंने कहा कि अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है।

पुलिस उपायुक्त ने कहा, ‘‘हमने घटना की जानकारी श्रम विभाग को दे दी है, ताकि लागू नियमों और नीतियों के अनुसार कर्मचारियों की मांगों पर विचार किया जा सके।’’

एक कर्मचारी आनंद पाल ने कहा कि कढ़ाई इकाइयों में काम करने वाले कर्मचारियों को पूरे सप्ताह काम करने के बावजूद एक दिन का साप्ताहिक अवकाश भी नहीं दिया जा रहा है।

पाल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘इस इलाके के सभी कर्मचारी साप्ताहिक अवकाश की मांग को लेकर हड़ताल पर चले गए हैं और प्रदर्शन कर रहे हैं। कम से कम रविवार को एक दिन की छुट्टी होनी चाहिए। इन कर्मचारियों की मांग जायज है।’’

भाषा योगेश पाण्डेय

पाण्डेय