खान विभाग ने अधिकारियों से कहा, ‘‘राजस्व की पूर्ण प्राप्ति सुनिश्चित करें’’

खान विभाग ने अधिकारियों से कहा, ‘‘राजस्व की पूर्ण प्राप्ति सुनिश्चित करें’’

खान विभाग ने अधिकारियों से कहा, ‘‘राजस्व की पूर्ण प्राप्ति सुनिश्चित करें’’
Modified Date: March 13, 2026 / 10:21 am IST
Published Date: March 13, 2026 10:21 am IST

जयपुर, 13 मार्च (भाषा) राजस्थान के खान विभाग ने ‘फील्ड’ अधिकारियों को मार्च महीने के लिए तय किए गए राजस्व संग्रह लक्ष्यों को पूर्ण करने का निर्देश दिया है।

खान विभाग के प्रमुख सचिव टी. रविकांत ने बताया कि विभाग ने मार्च महीने में 1,500 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व जुटाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

आधिकारिक बयान के अनुसार, रविकांत ने बृहस्पतिवार को विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। इसमें उन्होंने ‘फील्ड’ अधिकारियों को मार्च महीने के लिए निर्धारित राजस्व लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा 10 मार्च तक 9135 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व संग्रहण किया गया है जो गत वित्त वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 936 करोड़ रुपये अधिक है।

उन्होंने बताया कि विभाग ने बीते तीन महीनों दिसंबर, जनवरी और फरवरी में बेहतर वृद्धि दर के साथ राजस्व संग्रहण किया है। फरवरी में 1060 करोड़ रुपये का रिकार्ड राजस्व संग्रहण किया है।

रविकांत ने कहा, ‘‘ आगामी दिनों के लिए खाका तैयार कर लिया गया है और इसे सभी ‘फील्ड’ अधिकारियों के साथ साझा किया गया है। राजस्व लक्ष्यों को प्राप्त करने में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।’’

उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि जब भी परिवहन विभाग खनिजों से भरे वाहनों की जांच करें, तो खान विभाग को सूचना भेजी जाए ताकि यह सत्यापित किया जा सके कि वाहनों के पास वैध परमिट हैं और वे अनुमत मात्रा के भीतर ही खनिजों का परिवहन कर रहे हैं।

भाषा पृथ्वी निहारिका

निहारिका


लेखक के बारे में