मुंबई, 20 मई (भाषा) यूरोबैंक ने यूनान से भारतीय ग्राहकों के लिए यूपीआई आधारित धनप्रेषण सेवा शुरू कर दी है, जिससे कम लागत पर पैसे लगभग तत्काल भेजे जा सकेंगे।
बैंक के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को कहा कि यह सेवा पिछले सप्ताह शुरू की गई, जिसके तहत यूनान में यूरोबैंक के ग्राहक भारत में एकीकृत भुगतान व्यवस्था यूपीआई से जुड़े खातों में धन भेज सकते हैं।
यह पहल एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (एनआईपीएल) और भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) के साथ हुए समझौते के तहत शुरू की गई है। यह समझौता 2024 की शुरुआत में सीमापार भुगतान को बढ़ावा देने के लिए हुआ था।
यूरोबैंक के उप मुख्य कार्यपालक अधिकारी स्टावरोस इओआनू ने कहा कि इस सेवा पर न्यूनतम शुल्क ही लिया जाएगा ताकि मुख्य रूप से परिचालन लागत को कवर किया जा सके।
उन्होंने बताया कि यह मंच यूरोबैंक और एनपीसीआई की प्रणालियों के बीच परस्पर संचालन के जरिये विकसित किया गया है, जिससे यूनान से भारत पैसे भेजना आसान हो सके।
यह सुविधा फिलहाल यूनान में यूरोबैंक के खाते रखने वाले भारतीय ग्राहकों के लिए ही उपलब्ध है। इसका उद्देश्य वहां के भारतीय समुदाय के लिए पैसे भेजना आसान बनाना है।
बैंक ने कहा कि वह बृहस्पतिवार को साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडुलिडेस की भारत यात्रा के दौरान देश में अपना पहला प्रतिनिधि कार्यालय खोलेगा।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय