रुपया शुरुआती कारोबार में 48 पैसे टूटकर 96.16 प्रति डॉलर पर

Ads

रुपया शुरुआती कारोबार में 48 पैसे टूटकर 96.16 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - July 14, 2026 / 10:02 AM IST,
    Updated On - July 14, 2026 / 10:02 AM IST

मुंबई, 14 जुलाई (भाषा) रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में 48 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96.16 पर पहुंच गया।

एशिया में भू-राजनीतिक अनिश्चितता बढ़ने से अधिकतर एशियाई मुद्राओं पर दबाव के अनुरूप रुपया भी कमजोर हुआ।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि नए सिरे से बढ़े भू-राजनीतिक तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और निवेशकों के सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख करने से अमेरिकी डॉलर की मांग बढ़ी जिससे रुपये पर दबाव बना।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.95 प्रति डॉलर पर खुला। बाद में यह टूटकर 96.16 प्रति डॉलर पर पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव की तुलना में 48 पैसे की कमजोरी दर्शाता है।

रुपया सोमवार को 30 पैसे की गिरावट के साथ 95.68 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 101.17 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 0.42 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,294.12 अंक पर और निफ्टी 0.64 प्रतिशत टूटकर 24,144.60 अंक पर रहा।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 2.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ 84.98 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 3,062.27 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा निहारिका

निहारिका