किसानों की आय में हाल के वर्षों में अच्छी वृद्धि: ईएसी-पीएम चेयरमैन
किसानों की आय में हाल के वर्षों में अच्छी वृद्धि: ईएसी-पीएम चेयरमैन
नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (ईएसी-पीएम) के चेयरमैन एस महेन्द्र देव ने बृहस्पतिवार को कहा कि पिछले दशक में देश की कृषि क्षेत्र की औसत वृद्धि दर दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में सबसे अधिक है। इस तेज वृद्धि से किसानों की आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।
देव ने इंटरनेशनल चैंबर ऑफ कॉमर्स (आईसीसी) द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हरित क्रांति के बाद भारत ने कृषि उत्पादन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। देश खाद्यान्न की कमी वाले राष्ट्र से दुनिया के प्रमुख अनाज, फल, सब्जी, दूध और मत्स्य उत्पादक देशों में शामिल हो गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘पिछले लगभग एक दशक में भारत के कृषि क्षेत्र की औसत वृद्धि दर करीब 4.5 प्रतिशत रही है, जो दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में संभवतः सबसे अधिक है।’’
ईएसी-पीएम के चेयरमैन ने कहा कि देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में कृषि की हिस्सेदारी लगभग 17 प्रतिशत है, जबकि रोजगार में इसकी हिस्सेदारी 43 प्रतिशत है। केंद्र सरकार का ध्यान अब केवल कृषि उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने पर भी केंद्रित है।
देव के अनुसार, कृषि में विविधीकरण, उच्च मूल्य वाली फसलों, पशुपालन और मत्स्य पालन को बढ़ावा देने से किसानों की आय में और वृद्धि हो सकती है।
उन्होंने कहा कि कृषि नीतियों को मौजूदा वैश्विक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए तैयार करना होगा।
कृत्रिम मेधा (एआई) का उपयोग आपूर्ति बढ़ाने में सहायक हो सकता है। इसी प्रकार, ब्लॉकचेन आधारित प्रणालियां विशेष रूप से उच्च मूल्य वाली फसलों और कृषि निर्यात के लिए उपयोगी साबित हो सकती हैं।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


