(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, एक फरवरी (भाषा) वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में अपना रिकॉर्ड नौवां बजट पेश करने से पहले रविवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।
परंपरा के अनुसार, वित्त मंत्री संसद जाने से पहले राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति से मिलीं।
राष्ट्रपति भवन जाने से पहले सीतारमण ने कर्तव्य भवन स्थित अपने कार्यालय के सामने अपने बजट दल के साथ तस्वीर खिंचवाई। ‘मैजेंटा’ रंग की रेशमी साड़ी पहने सीतारमण ने राष्ट्रीय प्रतीक चिह्न वाले एक लाल ‘पाउच’ (थैले) में टैबलेट पकड़ा था। उनके साथ वित्त राज्यमंत्री और उनके मंत्रालय के सभी छह सचिव भी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी दी, ‘‘ केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण, वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी और वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने केंद्रीय बजट पेश करने से पहले राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। राष्ट्रपति ने बजट पेश करने के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री और उनके दल को शुभकामनाएं दीं।’’
केंद्रीय बजट पेश करने के लिए संसद रवाना होने से पहले राष्ट्रपति मुर्मू ने सीतारमण को ‘‘दही-चीनी’’ खिलाया।
इस मुलाकात के बाद वह मंत्रिमंडल की बैठक में शामिल हुईं जिसमें 2026-27 के बजट को औपचारिक रूप से मंजूरी दी जाएगी।
सीतारमण ने 2019 में स्थापित की गई अपनी परंपरा को जारी रखते हुए, बजट भाषण को ‘लाल पाउच’ में ले जाना जारी रखा। ‘ब्रीफकेस’ की परंपरा को छोड़ने के बाद इसकी शुरुआत की गई थी।
वित्त मंत्री अपना लगातार नौवां बजट पेश करेंगी। इसमें विकास की गति को बनाए रखने, राजकोषीय मजबूती को बरकरार रखने और अमेरिकी शुल्क सहित वैश्विक व्यापारिक टकरावों से अर्थव्यवस्था को बचाने वाले सुधारों की घोषणा किए जाने की उम्मीद है।
भाषा निहारिका अजय
अजय